
- विनोद मिश्रा
बांदा। एक ओर आसमान सूखा है, दूसरी ओर धरती भी सूखने लगी है। सिंचाई के लिए तरस रहे बांदा के सीमावर्ती गांवों में अब किसानों की हालत ‘बदतर’ हो गई है। मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के किसानों के बीच नहर के पानी को लेकर संघर्ष जैसी स्थिति बन गई है। मध्यप्रदेश के किसानों ने बरियारपुर बांध से निकलने वाली मुख्य कैनाल का बहाव रोक दिया, जिससे यूपी सीमा के खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। परिणाम- सैकड़ों बीघा धान की फसल सूखने की कगार पर है।

किसानों के चेहरों पर चिंता की लकीरें हैं, खेतों में दरारें हैं और आसमान में राहत की कोई उम्मीद नहीं। सिंचाई विभाग प्रखंड-3 के अंतर्गत आने वाला बरियारपुर बांध क्षेत्र की खेती के लिए ऑक्सीजन की तरह है। यही बांध से निकली मुख्य नहर यूपी के सीमावर्ती गांवों तक पानी पहुंचाती है। नहर मप्र के कई गांवों से गुजरती हुई यूपी की सीमा में प्रवेश करती है, लेकिन एमपी के किसानों ने नहर कोठी पुल पर ही पानी रोक लिया है।

उन्होंने नहर में बांस-बल्लियों और मिट्टी की रोक लगाकर अपने खेतों की ओर पानी मोड़ लिया है। इससे नहर का जलस्तर एमपी की ओर तो बढ़ गया है, मगर यूपी की तरफ़ नहर सूख गई है। नहर का बहाव बंद होने से यूपी के खेतों में पानी नहीं पहुंच पा रहा। मुकेरा किशनीपुरवा माइनर, रामनई नहरी माइनर और महारानी माइनर जैसे इलाकों में धान की फसलें अब मुरझाने लगी हैं। किसानों की मेहनत और उम्मीदें धूप में जल रही हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मानपुर झाल तोड़ने और नहरी कोठी पुल पर रोक लगाने का काम मप्र के किसानों ने किया है, ताकि उनके खेतों में अधिक पानी मिल सके। इससे यूपी की ओर आने वाली नहरों में जलस्तर लगातार घट रहा है। सिंचाई प्रखंड-3 के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया हमें जानकारी मिली है कि मप्र की ओर से नहर के बहाव में बाधा डाली गई है। सींचपाल को मौके पर भेजा गया है। जल्द ही स्थिति को सामान्य कराया जाएगा।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
