
- विनोद मिश्रा
बांदा। एक ओर सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय अधिकारियों की लापरवाही से खेल इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थिति बदहाल होती जा रही है। मंडल मुख्यालय स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम अधिकारियों की उदासीनता और कागजी कार्यवाही में अटका पड़ा है, जिससे खिलाड़ियों को टूटी-फूटी पिचों पर अभ्यास करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

बांदा स्पोर्ट्स स्टेडियम में कुल तीन सीमेंटेड पिचें हैं, लेकिन सभी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इन पर न तो बल्लेबाज सही तरीके से खेल पा रहे हैं और न ही गेंदबाजों को सही अभ्यास मिल पा रहा है। खिलाड़ियों का कहना है कि खराब पिचों पर अभ्यास करने से उनका खेल प्रभावित हो रहा है और उनके करियर पर खतरा मंडरा रहा है।

स्टेडियम के क्रिकेट कोच शिव प्रताप सिंह ने बताया कि तीन महीने पहले ही पिचों को ठीक कराने के लिए एस्टीमेट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया था। लेकिन यह फाइल अभी भी किसी दफ्तर में धूल खा रही है और अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

2023 में यहां तैनात जिला क्रीड़ा अधिकारी का तबादला हो गया था, लेकिन अब तक इस पद पर कोई स्थायी अधिकारी नियुक्त नहीं किया गया है। वर्तमान में स्टेडियम का प्रभार एसडीएम सदर के पास है, लेकिन प्रभारी व्यवस्था के चलते यहां के विकास कार्य ठप पड़े हैं।

स्टेडियम में अभ्यास करने वाले क्रिकेट खिलाड़ियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है। खिलाड़ियों का कहना है कि यदि जल्द ही पिचों की मरम्मत नहीं की गई, तो उन्हें अभ्यास के लिए दूसरे शहरों में जाना पड़ेगा। बांदा स्पोर्ट्स स्टेडियम जिले के खिलाड़ियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण अभ्यास स्थल है, लेकिन खराब पिचों और सुविधाओं की कमी के चलते उनका भविष्य अंधकार में है। यदि प्रशासन जल्द ही इस पर ध्यान नहीं देता, तो यह खिलाड़ियों के करियर के साथ अन्याय होगा।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
