
- विनोद मिश्रा
बांदा। चित्रकूटधाम मंडल के चार जिलों में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की लगातार कड़ी कार्रवाई के चलते अपराध दर में उल्लेखनीय कमी आई है। डीआईजी अजय कुमार सिंह ने रविवार को वार्षिक समीक्षा करते हुए बताया कि वर्ष 2024 में डकैती, लूट, हत्या, दहेज मृत्यु, और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों में गिरावट दर्ज की गई है। डीआईजी अजय कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2024 में मंडल में डकैती की तीन घटनाएं हुईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन घटनाओं का शत-प्रतिशत खुलासा किया और 1.59 करोड़ रुपये से अधिक की लूटी गई संपत्ति बरामद की। लूट के 22 मामलों में से 96 प्रतिशत संपत्ति बरामद की गई है।

अपराध की रोकथाम के लिए मंडल के 5633 स्थानों पर 21294 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे पुलिस को अपराधियों पर नजर रखने में मदद मिली है। डीआईजी अजय कुमार सिंह ने बताया कि कैमरों की मदद से अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में तेजी आई है। वर्ष 2023 की तुलना में 2024 में हत्या के मामलों में 18 प्रतिशत, लूट में 32 प्रतिशत, दहेज मृत्यु में 24 प्रतिशत, और दुष्कर्म में आठ प्रतिशत की कमी आई है। यह पुलिस की सख्त कार्रवाई और प्रभावी निगरानी का परिणाम है। मंडल में 578 आरोपियों पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जबकि 199 आरोपियों को जिला बदर किया गया। गैंगस्टर एक्ट के तहत 53 मुकदमे पंजीकृत कर 244 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

वर्ष 2024 में मंडल में लंबित 15718 विवेचनाओं का त्वरित निस्तारण किया गया, जो 90 प्रतिशत से अधिक है। डीआईजी ने बताया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में भी मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और कई महीनों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। डीआईजी अजय कुमार सिंह ने बताया कि सघन पैरवी के माध्यम से 1439 मामलों में दोषियों को सजा दिलाई गई है। इनमें कई गंभीर अपराधों में आजीवन कारावास और आर्थिक दंड की सजा शामिल है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
