- ब्यूरो रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के झांसी में आज इंडिया गठबंधन की संयुक्त रैली हुई। इस रैली में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव शामिल हुए। रैली में राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को बब्बर शेर बताया। उन्होंने कहा कि आमतौर पर जंगल में बब्बर शेर अकेले रहते हैं, लेकिन यहां इंडिया गठबंधन के हजारों बब्बर शेर एक साथ हैं। वहीं, अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी का ग्राफ अब गिरता जा रहा है। ये चार चरणों की जीत और झांसी के लोग बीजेपी की विदाई की तैयारी कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि ये लोग शहरों में स्मार्ट सिटी के नाम पर छाते लटका दिए। कोविड का समय था तो देश में हजारों लोगों की मौत हुई। कोविड के बीच में नाच गाना हो रहा था और थाली बजाई जा रही थी, लेकिन जब थाली ने काम नहीं किया तो प्रधानमंत्री मोबाइल की लाइट जलाने की बात करने लगे। यही इनका काम है। जब आपकी जमीन छीनने का समय आता है तो इन्हें एक सेकेंड का भी समय नहीं लगता है। इधर उधर की बातें कर दो मिनट में आपकी जमीन हड़प लेते हैं।

– राहुल बोले: हम संविधान की रक्षा कर रहे
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि इस बार का चुनाव संविधान बचाने का चुनाव है। संविधान के बिना देश के गरीब लोग कहीं के नहीं रहेंगे। जिस दिन संविधान चला जाएगा उस दिन आपका सब कुछ चला जाएगा। इंडिया गठबंधन इस संविधान की रक्षा कर रहा है। बीजेपी-नरेंद्र मोदी देश के संविधान को खत्म करना चाहते हैं और उसे फाड़कर फेंक देना चाहते हैं। झांसी से रानी लक्ष्मीबाई की कर्मभूमि से कहना चाहता हूं कि हमारे संविधान को दुनिया की कोई ताकत खत्म नहीं कर सकती है. इन्होंने 22 अरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपए का कर्जा माफ किया है।

– हम उद्योगपतियों को नहीं, गरीबों को पैसा देंगे
उन्होंने आगे कहा कि हमने यूपी की सरकार के वक्त किसानों का 72 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया था। यूपीए की सरकार ने बुंदेलखंड पैकेज दिया था। वो पैकेज 7 हजार करोड़ रुपए का था। 16 लाख करोड़ रुपए का मतलब है कि आप बुंदलेखंड को 240 बार सात करोड़ रुपए दे सकते हैं। इंडिया गठबंधन ने अब मन बना लिया है कि इन्होंने (बीजेपी) जितना पैसा उद्योगपतियों का माफ किया है हम उतना पैसा गरीबों को देंगे। आपको जो कहना है कहो, हमें जो करना है हम करने जा रहे हैं. हमारी सरकार आएगी तो हम गरीब परिवारों की लिस्ट तैयार करेंगे। इसमें सभी लोगों को शामिल किया जाएगा। ये काम दुनिया की किसी सरकार ने आज तक नहीं किया। वो 22 अरबपति बना रहे हैं, हम करोड़ों लखपति बनाने जा रहे हैं. हर परिवार में से एक महिला का नाम चुना जाएगा और फिर उसके बैंक अकाउंट में हर साल 1 लाख रुपए भेजा जाएगा। 1 जुलाई को झांसी में लाखों लोग जागेंगे. सरकार सबके बैंक अकाउंट में 8500 डाल देगी. इसी तरह से हर महीने करोड़ों लोगों के बैंक अकाउंट में 8500 डाले जाएंगे।

– अखिलेश यादव बोले- भाजपा ने किसानों को लूटा है
वहीं, अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग किसानों की आय दोगुनी करने की बात कर रहे थे, वो इन्हें लूटने का काम किए हैं। भाजपा की सरकार में हमारे देश का किसान संकट में चला गया। किसानों की आय भी दोगुनी नहीं हुई उल्टा डीजल-बिजली महंगी हो गई है। किसानों की लूट हो गई। किसान जब खाद की बोरी लेकर आया तो उसमें से भी चोरी हो गई। ये सरकार किसानों के लिए काले कानून लेकर आई। किसानों को आंदोलन पर उतरना पड़ा। यूपी की सरकार ने बुंदेलखंड को जो सुविधाएं दी थी इन्होंने उसे भी रोक दिया। यूपी में अगर किसानों ने सबसे ज्यादा आत्महत्या की है तो वो यही बुंदेलखंड का इलाका है। भाजपा के लोग इस बार बुंदेलखंड को खंड-खंड कर देंगे।

– नौजवानों के साथ धोखा करने का आरोप
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि इन्होंने नौजवानों को भी धोखा दिया। उन्हें नौकरियों से दूर कर दिया। यूपी में जितनी भी परीक्षाएं हुईं सबके पेपर लीक हो गए। इन्होंने आपकी नौकरी तो छीन ही ली है, आपके जीवन के एक तिहाई हिस्से को भी बर्बाद कर दिया है। सरकार ने जो अग्निवीर योजना लाई है इसे हम 4 जून के बाद हमेशा-हमेशा के लिए खत्म कर देंगे। इन्होंने देश में इतनी महंगाई बढ़ा दी कि सब लाचार हो गए हैं।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
