( ब्यूरों रिपोर्ट )
लखनऊ। इसमें कोई संदेह नहीं लगता है कि बसपा सुप्रीमों मायावती (BSP supremo Mayawati) के भतीजे आकाश आनंद ही उनके राजनीतिक उत्तराधिकारी होंगे। 2017 में लंदन से पढ़ाई कर लौटने के बाद से पर्दे के पीछे रहकर बुआ के साथ राजनीति का ककहरा सीख रहे आकाश यदाकदा मंचों पर दिखाई भी दिए हैं, लेकिन मायावती ने तीन राज्यों गुजरात, राजस्थान और मध्यप्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव का जिम्मा सौंपकर एक तरह से उनकी ‘पालिटिकल लांचिंग’ कर दी है। इन राज्यों में जमीन पर संगठन को मजबूत करने के लिए उन्होंने काम शुरू कर भी दिया है।

आकाश आनंद बसपा में नंबर दो की हैसियत में हैं, क्योंकि उन्हें मायावती ने पार्टी का नेशनल को-आर्डिनेटर 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान ही बना दिया था, लेकिन पार्टी के नए चेहरे के रूप में सक्रिय नहीं रहे। 2019 में चुनाव प्रबंधन संभालने वाले आकाश ने 2022 के चुनाव में बसपा की खास तौर पर इंटरनेट मीडिया से जुड़ी चुनावी रणनीति अपने हाथ में रखा। कुछ रैलियों में बुआ मायावती के साथ मंच साझा भी किया, लेकिन मुख्यत: भूमिका पर्दे के पीछे से ही रही। मगर, अब बसपा प्रमुख ने उनका पदार्पण सक्रिय राजनीति में कराने का मन बना लिया है। हाल ही में मध्यप्रदेश में हुए नगर निकाय चुनाव में सक्रिय रहे आकाश आनंद ने वहां कई जिलों में जनसभाएं भी कीं।

अब मध्यप्रदेश सहित राजस्थान और गुजरात विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी उन्हें दी गई है। उन्हें इन तीन प्रदेशों में संगठन को मजबूत करने का काम सौंपा गया है। इन दिनों वह राजस्थान में हैं और विभिन्न जिलों में संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर रहे हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में राजस्थान में छह सीटें जीतने वाली बसपा 2023 में और अधिक सीटें जीतना चाहती है।
जातीय समीकरणों के लिहाज से जोधपुर, जयपुर, जयपुर, भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधौपुर, नागौर, गंगानगर, सीकर, झुंझनू आदि जिलों पर विशेष नजर है। 2023 में ही मध्यप्रदेश में चुनाव होने हैं। वहां 2013 में चार सीटें जीतने वाली बसपा 2018 में अपना खाता भी नहीं खोल सकी। वहीं, गुजरात में विधानसभा चुनाव इसी वर्ष के अंत में होने हैं। पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, वहां आकाश आनंद दलित और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में अपनी सक्रियता बढ़ाएंगे।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://newsreach-publishers.s3.ap-south-1.amazonaws.com/citynewsuttarpradesh.in/2018/06/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
