लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने अब तक घोषित अपने प्रत्याशियों की पूरी लिस्ट पहली बार सार्वजनिक की है। अभी तक समाजवादी पार्टी सीधे नामों का सार्वजनिक ऐलान करने के बजाय खामोशी से प्रत्याशियों को बुलाकर कर उन्हें सिंबल के लिए फॉर्म ए और बी दे रही थी। सिर्फ गठबंधन की सीटें ही घोषित की जा रही थी। सोमवार को जारी की गई उम्मीदवारों की लिस्ट में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव करहल से, रामपुर सीट से आजम खां, स्वार सीट से उनके बेटे अब्दुल्ला आजम बेहट से और शिवपाल सिंह यादव जसवंतनगर से समेत 159 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं।

समाजवादी पार्टी ने सोमवार को 159 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। इनमें पहले, दूसरे, तीसरे व चौथे चरण की सीटें शामिल हैं। सपा अभी तक जिलों में ही टिकट जारी कर रही थी। इसको लेकर भाजपा ने सपा की खिंचाई भी की थी। इसी के बाद सोमवार को पार्टी ने अब तक जारी टिकटों की संयुक्त सूची सार्वजनिक कर दी है। इसमें पहले चरण वाले प्रत्याशियों के नाम भी हैं जिनके नामांकन पत्र भी भरे जा चुके हैं। पहली सूची में 31 मुस्लिम व 18 यादवों को टिकट दिया गया है। सपा ने 31 अनुसूचित जाति के प्रत्याशियों पर भी भरोसा जताया है। इस सूची में 11 महिलाओं को टिकट दिया गया है।

जेल में बंद चल रहे पूर्व मंत्री मो. आजम खां रामपुर से चुनाव लड़ेंगे। उनके बेटे रामपुर की स्वार सीट से फिर चुनाव लड़ेंगे। 2017 में भी वे स्वार सीट से चुनाव जीते थे, किंतु फर्जी जन्मतिथि के मामले में सजा होने के कारण उनकी सदस्यता रद कर दी गई थी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रायबरेली की ऊंचाहार सीट से अपने विधायक मनोज पांडेय पर भरोसा जताते हुए फिर टिकट दिया है। चर्चा यह थी कि भाजपा से सपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य इस सीट से बेटे उत्कृष्ट मौर्य के लिए टिकट मांग रहे हैं। उत्कृष्ट 2017 में भाजपा व 2012 में बसपा के टिकट से चुनाव लड़ चुके हैं। दोनों बार उन्हें मनोज पांडेय ने ही हराया। कैराना से नाहिद हसन व सहारनपुर नगर से संजय गर्ग को फिर टिकट दिया गया है। अखिलेश मैनपुरी की करहल व शिवपाल सिंह यादव जसवंतनगर से चुनाव लड़ेंगे। सपा ने आठ ब्राह्मण व छह वैश्य समाज के नेताओं को भी टिकट दिया है।









![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
