- विनोद मिश्रा
बांदा। पहले ब्लड सैैंपल देने को लेकर सोमवार को राजकीय मेडिकल कालेज छात्रों और पैथालाजी लैब टेक्नीशियन के बीच संघर्ष हो गया। घटना में दो छात्र और दो लैब टेक्नीशियन घायल हो गए। तोडफ़ोड़ में कई मरीजों की जांच के लिए रखे ब्लड सैैंपल टेस्ट ट्यूब व स्लाइड टूट गईं। मेडिकल कालेज चौकी पुलिस घायलों को जिला अस्पताल लाई। घायल टेक्नीशियन ने कोतवाली में तहरीर दी है। इधर कालेज प्रशासन से भी शिकायत की गई है। मेडिकल कालेज प्राचार्य ने जांच के लिए पांच डाक्टरों की टीम गठित की हैं। पैथालाजी चला रही आउटसोर्सिंग कंपनी ने एक लैब टेक्नीशियन की सेवाएं समाप्त कर दी हैैं।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक कालेज में आउटसोर्सिंग पर संचालित सेंट्रल पैथालॉजी लैब में मरीजों के ब्लड सैैंपल लिए जा रहे थे। कई मरीज अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। बताते हैैं कि वहां पहुंचे एक मेडिकल छात्र ने लैब टेक्नीशियन प्रवीण पांडेय से पहले ब्लड सैंपल लेने को कहा तो दोनों में बहस हो गई। जानकारी पर काफी मेडिकल छात्र वहां पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी। लैब टेक्नीशियन प्रवीण और जितेंद्र शुक्ला जख्मी हो गए। दोनों का आरोप है कि छात्र दरवाजा तोड़ घुसे थे। कुर्सियां फेंकने व तोडफ़ोड़ से कई मरीजों के ब्लड सैंपल के टेस्ट ट्यूब व स्लाइड टूट गईं। पुलिस आने तक छात्र जा चुके थे। घायलों को पुलिस अस्पताल लाई। घायल लैब टेक्नीशियन ने कालेज प्रशासन को जानकारी देकर कोतवाली में तहरीर दी।

उन्होंने बताया कि पहले सैंपल लेने पर अड़े छात्र ने अभद्रता और धक्का-मुक्की की। बाद में उसके साथी छात्रों ने मारपीट की। कोतवाल योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हंगामे और मारपीट की सूचना पर पुलिस भेजी गई थी। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

– कांच लगने से दो छात्र भी हुए जख्मी
भगदड़ के बीच मरीज वहां से बाहर भागे। कांच लगने से दो छात्र भी जख्मी हुए हैं। दोनों का मेडिकल कालेज में ही इलाज होने की बात कही जा रही है। उनके नाम नहीं पता चले। पहले भी एमबीबीएस छात्रों पर एक सुपरवाइजर से घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लग चुका है। हालांकि उस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
मेडिकल कालेज प्राचार्य, डा.मुकेश कुमार यादव ने बताया जांच के लिए पांच डाक्टरों की कमेटी गठित कर एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पैथालाजी के कर्मचारियों के गलत व्यवहार की शिकायतें पहले भी मिली थीं। कंपनी के अधिकारियों को जानकारी दी जा चुकी है। कंपनी ने एक लैब टेक्नीशियन की सेवा समाप्त कर दी है।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
