– 1.21 लाख के मुकाबले 1.28 लाख लोगों को लगे टीके
– वृहद अभियान कोरोना टीकाकरण को दे रहा पंख
- विनोद मिश्रा
बांदा। कोरोना से लोगों को सुरक्षित बनाने के लिए प्रदेश में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में बुंदेली भी बढ़ चढ़कर हिस्सेदारी निभा रहे हैं। महाभियान कोविड-19 वैक्सीनेशन को पंख दे रहा है, जो टीकाकरण को ऊंचाई तक ले जाने में सहायक बन रहा है। प्रदेश सरकार ने मेगा वैक्सीनेशन में बुंदेलखंड के लिए 121360 का लक्ष्य तय किया था। लेकिन 128321 बुंदेलियों ने टीके लगवाकर देश व समाज के प्रति खुद के जिम्मेदार होने का अहसास करवा दिया है। यह टीकाकरण लक्ष्य का 105 प्रतिशत है।

देश की आजादी अपनी अहम भूमिका निभाने वाले बुंदेलियों ने वैश्विक महामारी में एक बार फिर अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई। सोमवार को एक दिवसीय महाभियान में बुंदेलखंड लक्ष्य से भी आगे निकल गया। निर्धारित लक्ष्य को पीछे छोड़कर बुंदेलखंड में 105 फीसदी टीकाकरण हुआ। 121360 के सापेक्ष 128321 लोगों ने टीका लगवाया। गौरतलब है कि कोविड-19 से लोगों को बचाने के लिए प्रदेश में इस साल 16 जनवरी से टीकाकरण शुरू किया गया था। झांसी मंडल की अपर निदेशक स्वास्थ्य डा. अल्पना बरतारिया ने बताया कि बुंदेलखंड में झांसी जनपद में सबसे ज्यादा टीकाकरण हुआ। यहां 25000 के मुकाबले 30334 यानी 121 फीसद लोगों ने टीके लगवाए। ललितपुर जिले का भी प्रर्दशन बेहतर है। यह बुंदेलखंड में दूसरे स्थान पर है। यहां 15000 के सापेक्ष 16953 यानी 113 प्रतिशत लोग प्रतिरक्षित हुए। इसी तरह जालौन में 21250 में से 19286 यानी 91 फीसद लोगों ने टीके लगवाए।

चित्रकूटधाम मंडल के अपर निदेशक स्वास्थ्य डा. आरबी गौतम ने बताया कि बांदा जनपद मंडल में अव्वल लेकिन बुंदेलखंड में तीसरे स्थान पर है। यहां 22500 के सापेक्ष 25245 यानी 112 फीसद लोग प्रतिरक्षित हुए। हमीरपुर में निर्धारित लक्ष्य 12500 के सापेक्ष 12513 यानी 100 प्रतिशत टीके लगे। चित्रकूट जिले में भी 12500 का लक्ष्य था। इसके मुकाबले 98 फीसद यानी 12233 लोगों ने टीके लगवाए। इसी तरह महोबा जनपद में निर्धारित किए गए 12610 लक्ष्य के मुकाबले 11757 लोगों ने टीका लगवाया, जो कि लक्ष्य का 93 फीसद रहा। अपर निदेशकों ने कहा कि शासन से मिली वैक्सीन की उपलब्धता के आधार पर टीकाकरण हुआ। वैक्सीन और मिलती तो टीकाकरण का ग्राफ और बढ़ने की उम्मीद है।

– पहले महाभियान में सबसे कम, दूसरे में सबसे आगे रहा झांसी
बांदा। टीकाकरण में तेजी लाने के लिए प्रदेश सरकार के निर्देश पर महाभियान आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक दो महाभियान चलाए गए हैं। 3 अगस्त को पहली बार वृहद टीकाकरण आयोजित किया गया था। इसमें जनपद के रोजाना के लक्ष्य को तीन गुना बढ़ाया गया। इसकी सफलता के बाद 16 अगस्त को दूसरा मेगा वैक्सीनेशन हुआ। इसमें भी बुंदेलियों ने अपना दम दिखाया। झांसी जनपद इसकी बानगी है। यहां तीन अगस्त को महाभियान में 30000 के सापेक्ष 26139 यानी 87 फीसद टीकाकरण हुआ था। बुंदेलखंड के सातों जनपदों में सबसे कम था। लेकिन दूसरे महाभियान में झांसी जिले ने बाजी मार ली। यहां 25000 लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके मुकाबले 30334 यानी 121 फीसदी टीके लगाए गए। जो बुंदेलखंड में सबसे अच्छा रहा।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
