- विनोद मिश्रा
बांदा। विधानसभा चुनाव को लेकर सपा ब्राह्मण कार्ड खेलने को तत्पर है। इसी क्रम में छोटे लोहिया के नाम से मशहूर रहे स्व. जनेश्वर मिश्र की जयंती के मौके पर गुरुवार को साईकिल रैली के बहाने ब्राह्मण कार्ड के पत्ते फेटे गये।

जिला मुख्यालय समेत सभी तहसीलों में सपाइयों ने साइकिल यात्रा निकाली। इस दौरान सपाइयों का जोश सिर चढ़कर बोल रहा था। प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रोश दिखा। इस दौरान सपाइयों ने जहां सपा मुखिया और समाजवादी पार्टी जिन्दाबाद के नारे लगाए वहीं प्रदेश सरकार के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। पूरे जिले में गुरुवार को सपाइयों की साइकिल दौड़ती नजर आई। यूं कहा जाए कि परिवर्तन की हुंकार के साथ सपाइयों ने साइकिल रैली निकाली, तो अतिश्योक्ति नहीं होगी।

सपा जिलाध्यक्ष विजयकरन यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय से साइकिल यात्रा रवाना हुई। मुख्य अतिथि और पूर्व मंत्री शिवचरण प्रजापति ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल यात्रा को रवाना किया। साइकिल यात्रा ने पूरे शहर का भ्रमण किया और लोगों को जागरूक करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का आवाहन किया। बढ़ती महंगाई भ्रष्टाचार व आपराधिक घटनाओं के विरोध में यह यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर प्रत्येक तहसील स्तर पर हजारों की तादाद में साइकिल लेकर कार्यकर्ताओं ने सड़क पर प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री श्री प्रजापति ने कहा कि आगामी 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। इससे बौखलाई भारतीय जनता पार्टी तरह-तरह के कुत्सित प्रयास कर रही है, जिसका एक उदाहरण अन्न महोत्सव है।

उन्होंने कहा कि अन्न महोत्सव नहीं बल्कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने की आहट से भाजपा अपने तमाम कृत्यों का प्रायश्चित कर रही है। बांदा सदर में जिला उपाध्यक्ष अशोक श्रीवास, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष राकेश राजपूत, पूर्व जिला अध्यक्ष शमीम बांदवी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हाजी शकील अली, हसन सिद्दीकी, सैय्यद इमरान अली, नरेंद्र सिंह मामा, सुशील त्रिवेदी, विद्यासागर तिवारी, चेयरमैन मोहन साहू, ओम नारायण त्रिपाठी, शिवकरण पाल, राजन चंदेल, महेंद्र यादव, महिला जिला अध्यक्ष उर्मिला वर्मा, नगर अध्यक्ष नीलम गुप्ता, अर्चना पटेल, शांति पाठक, अजीज खान, वृंदावन वैश्य, मुशीर अहमद, नासिर खान, वीरेंद्र गुप्ता, द्वारिका यादव, नंदू यादव, बलवान सिंह, मुलायम सिंह यादव सहित हजारों की तादाद में कार्यकर्ता व सपा नेता मौजूद रहे। इधर बबेरू तहसील में लाखन निषाद, नरैनी में श्याम शरण पटेल, तिंदवारी में अमर सिंह यादव, अतर्रा में नगर अध्यक्ष दादू गुप्ता, पैलानी में अशोक सिंह गौर के नेतृत्व में साइकिल यात्रा निकाली गई।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
