
- विनोद मिश्रा
बांदा। सरकारी खजाने से लाखों रुपये खर्च हुए, सड़क का नवीनीकरण हुआ,उद्घाटन के दावे भी किए गए, लेकिन पहली ही बारिश ने पूरी हकीकत सामने ला दी। कमासिन विकासखंड के बिराव-परसौली संपर्क मार्ग पर बने गड्ढे और उखड़ी गिट्टियां अब प्रश्न पूछ रही हैं कि आखिर सड़क बनी थी या भ्रष्टाचार की नई इबारत लिखी गई थी ? बबेरू-कमासिन-राजापुर मुख्य मार्ग से परसौली जाने वाले इस संपर्क मार्ग का हाल ही में नवीनीकरण कराया गया था। आरोप है कि निर्माण के दौरान गुणवत्ता के सभी मानकों को ‘ताक’ पर रख दिया गया।
नतीजा यह हुआ कि मामूली बारिश भी सड़क नहीं झेल सकी। जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए, जलभराव होने लगा और सड़क पर चलना लोगों के लिए जोखिम बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने के कुछ ही दिनों बाद उसकी गिट्टियां उखड़ने लगी थीं। उन्होंने तत्काल लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। शिकायत के बाद संबंधित ठेकेदार को नोटिस भी जारी किया गया,लेकिन आरोप है कि उसके बाद न तो ठेकेदार ने सड़क की मरम्मत कराई और न ही विभाग ने कोई प्रभावी कार्रवाई की।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह कोई अकेला मामला नहीं है। परसौली से कोर्रा बुजुर्ग होते हुए रयान मोड़ तक का मार्ग भी जगह-जगह दरारों और गड्ढों से बदहाल है। बारिश के शुरवाती दिनों में इन सड़कों पर सफर करना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की यह बदहाली किसी भी दिन बड़े हादसे का कारण बन सकती है। सोचने की बात यह है कि जब सड़क निर्माण में लाखों रुपये खर्च किए गए,तो गुणवत्ता की निगरानी किसने की? यदि सड़क कुछ महीनों में ही जवाब दे गई, तो निर्माण कार्य की जिम्मेदारी किसकी तय होगी? क्या सरकारी धन केवल कागजों में सड़क बनाने के लिए खर्च किया गया?
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
