
- शरद मिश्रा
बांदा। वर्दी पहनकर दूसरों की जिंदगी की रक्षा करने वाला एक जवान रविवार को खुद जिंदगी की जंग हार गया। चिल्ला थाने में तैनात 27 वर्षीय सिपाही अनुराग सिंह भदौरिया यमुना नदी में नहाने उतरे, लेकिन कुछ ही पलों में तेज धारा ने उन्हें अपनी आगोश में समा लिया। करीब पांच घंटे तक मौत और जिंदगी की तलाश चलती रही, लेकिन जब नदी ने उन्हें लौटाया तो वह निर्जीव थे। इस दर्दनाक हादसे ने न सिर्फ पुलिस विभाग बल्कि दो परिवारों की दुनिया उजाड़ दी।
रविवार को अनुराग सिंह यमुना पुल पार कर फतेहपुर जनपद के ललौली थाना क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने अपनी बाइक एक परचून की दुकान पर खड़ी की और वहां से करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर नदी किनारे पहुंचे। प्रत्यक्ष जानकारीके अनुसार, नहाते समय उनका पैर फिसला और वह गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते नदी की धार उन्हें निगल गई। घटना की सूचना मिलते ही चिल्ला थाना प्रभारी आनंद साहू, सीओ सदर सौरभ सिंह, पपरेंदा चौकी प्रभारी अंश त्यागी और ललौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों के साथ नदी में व्यापक खोज अभियान चलाया गया। करीब पांच घंटे की अथक मशक्कत के बाद उनका शव नदी के बीच से बरामद किया गया।
अनुराग के ससुर रणबीर सिंह भी पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी सेजल दो भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं। इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस विभाग में शोक की लहर है। अब हर किसी की जुबान पर एक ही प्रश्न है जो जवान रोज दूसरों की सुरक्षा के लिए वर्दी पहनता था,उसकी जिंदगी यमुना की लहरों ने इतनी बेरहमी से क्यों छीन ली?
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
