
- शरद मिश्रा
बांदा। बिसंडा ब्लॉक की ग्राम पंचायत रानीपुर के मजरा राछा में विकास की ‘नींव’ ही सवालों के घेरे में है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधान उग्रसेन और सचिव हर्ष कुमार जबरन घटिया सामग्री से आरसीसी का निर्माण करवा रहे हैं। 8 महीने से खुले में पड़ी, पथराई हुई करीब 100 बोरी सीमेंट से ही नाली और आरसीसी बनाई जा रही है। विरोध पर न प्रधान फोन उठाते हैं, न सचिव साहब ‘हैलो’ बोलते हैं।
मामले में सुलदीप पुत्र बाला प्रसाद, अजय श्रीवास, हृदयराम,अमित शिरोमन श्रीवास, रामचंद्र श्रीवास, फूलचंद श्रीवास, प्रमोद यादव, मलखान वर्मा, कमलेश खेंगर समेत दर्जनों ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी बिसंडा अभिषेक को शिकायती पत्र सौंपकर ‘गुणवत्ता की हत्या’ रोकने की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले नाली निर्माण को लेकर आपत्ति जताई गई थी और बीडीओ व एसडीएम बबेरू को लिखित शिकायत भी दी गई थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब आरसीसी का काम शुरू कर दिया गया। मौके पर रखी सीमेंट 8 महीने से भी ज्यादा समय से खुले में पड़ी है,जो पूरी तरह खराब और पथरा चुकी है। उसी ‘पत्थर बनी सीमेंट’ को मिलाकर निर्माण करवाया जा रहा है। विरोध करने पर ग्रामीणों ने प्रधान उग्रसेन और सचिव हर्ष कुमार को कई बार फोन लगाया, पर किसी ने कॉल रिसीव करना ‘जरूरी नहीं समझा‘।
सुलदीप का आरोप है कि जबरदस्ती आरसीसी डलवाई जा रही है, ताकि ‘कागज में काम पूरा’ दिखाया जा सके। ग्रामीणों ने बीडिओ अभिषेक से मांग की है कि घटिया सामग्री से हो रहे निर्माण पर तुरंत रोक लगाई जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी प्रधान प्रतिनिधि व सचिव हर्ष कुमार के खिलाफ कार्रवाई हो। अब देखना है कि खंड विकास अधिकारी अभिषेक की कलम ‘जांच के आदेश’ लिखती है या फिर राछा मजरा में ‘पथराई सीमेंट’ से ही विकास की ‘कमजोर इमारत’ खड़ी हो जाती है। फिलहाल ग्रामीणों की एक ही मांग है विकास चाहिए, पर ‘पत्थर’ वाली सीमेंट से नहीं,इंसाफ वाली नीयत’ से।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
