
- विनोद मिश्रा
बांदा। इस वर्ष मौसम ने “चौंकाने वाला रुख अख्तियार” कर लिया है। फरवरी माह में ही अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस “दर्ज” किया गया, जो बीते 52 वर्षों में पहली बार हुआ है। 1972 से अब तक के आंकड़ों की पड़ताल में सामने आया कि फरवरी के औसत तापमान से इस बार 2 से 3 डिग्री अधिक गर्मी पड़ रही है। 20 फरवरी को 32 डिग्री का आंकड़ा छूते ही पुराना रिकॉर्ड टूट गया। इससे पहले 7 फरवरी को पारा 30 डिग्री तक पहुंच गया था और 13 फरवरी को 31 डिग्री से ऊपर दर्ज हुआ। आमतौर पर फरवरी के अंतिम दिनों में कभी-कभार तापमान 30 डिग्री तक जाता था, लेकिन इस बार महीने की शुरुआत से ही गर्मी ने तेवर दिखा दिए।

कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार सर्दी के बाद वसंत ऋतु का संक्रमण काल लगभग नजर नहीं आया और सीधे गर्मी शुरू हो गई। वैज्ञानिक श्याम सिंह के अनुसार, मौसम का यह असामान्य बदलाव इंसानों, पशुओं और फसलों के लिए चिंताजनक है। वसंत ऋतु शरीर को तापमान के बदलाव के अनुरूप ढलने का समय देती है। इस बार अचानक बढ़ी गर्मी से वायरल संक्रमण, थकान, डिहाइड्रेशन और एलर्जी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। पशुओं में भी गर्मी का तनाव बढ़ने से दूध उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। तापमान में असामान्य वृद्धि का सीधा असर रबी फसलों पर पड़ने की आशंका है। गेहूं, चना और मसूर जैसी फसलों के दाने भरने की प्रक्रिया तेज गर्मी से प्रभावित हो सकती है, जिससे पैदावार घटने का खतरा है।

प्रगतिशील किसान प्रेम सिंह का कहना है कि यदि मार्च और अप्रैल में भी यही रुख बना रहा तो सिंचाई की लागत बढ़ेगी और उत्पादन पर दबाव पड़ेगा। विशेषज्ञ मानते हैं कि लगातार बढ़ते तापमान और ऋतु चक्र में बदलाव जलवायु परिवर्तन के संकेत हो सकते हैं। फरवरी जैसे अपेक्षाकृत ठंडे महीने में 30 डिग्री से ऊपर तापमान पहुंचना सामान्य नहीं माना जाता। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को समय पर सिंचाई, मल्चिंग तकनीक, उन्नत बीजों का चयन और मौसम आधारित खेती अपनाने की सलाह दी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को धूप से बचाव, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की अपील की है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
