– शिकोहाबाद से दवा लेकर घर लौट रही थी युवती
– आरोपी सिपाही कासगंज के पटियाली थाने में है तैनात
मैनपुरी : मैनपुरी जिले में एक युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। उसके साथ लिफ्ट देकर चलती कार में दुष्कर्म किया गया। इसका आरोप यूपी पुलिस के सिपाही पर लगा है। आरोपी सिपाही कासगंज जिले के थाना पटियाली में तैनात है। पीड़िता की तहरीर पर थाना घिरोर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच कर रही है।

थाना घिरोह क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवती शुक्रवार की सुबह दवा लेने के लिए शिकोहाबाद स्थित सरकारी अस्पताल गई थी। शाम को करीब चार बजे वह बस से वापस घर आ रही थी। बामई जनपद फिरोजाबाद के पास गांव निवासी धर्मेंद्र उर्फ भूरा मिल गया। उसने अपनी कार से गांव तक छोड़ देने की बात कही। युवती के अनुसार कार में गांव निवासी युवक प्रदीप भी मौजूद था। युवती कार में बैठ गई। पीड़िता का आरोप है कि रास्ते में धर्मेंद्र उसके साथ छेड़खानी करने लगा। उसे एक सुनसान जगह पर ले गए, वहां धर्मेंद्र ने साथी प्रदीप की मदद से उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसको एक मंदिर के पास उतार कर चले गए। उसे धमकी दी कि यदि शिकायत की तो जान से मार देगा।

– आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मामले की जानकारी होने के बाद पुलिस ने देर रात पीड़िता की तहरीर पर आरोपी और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी धर्मेंद्र वर्तमान में पटियाली थाने में सिपाही के पद पर तैनात है। थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।
– आरोपी की मां लड़ रही है प्रधानी चुनाव
जानकारी के अनुसार आरोपी सिपाही धर्मेंद्र की मां इस बार प्रधानी का चुनाव लड़ रही हैं। इस वजह से सहयोग के लिए अकसर सिपाही गांव आता जाता रहता है। मामला दर्ज होने के बाद से वह लापता है। साथी का भी कोई पता नहीं है। शनिवार को पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया है।

सीओ (क्षेत्राधिकारी) कुरावली आलोक अग्रहरि ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराने के साथ ही न्यायालय में बयान दर्ज कराए गए हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )




![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
