
- विनोद मिश्रा
बांदा। जिले में चक्रवाती तूफान और बेमौसम बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। खेतों में पकी खड़ी धान की फसलें बर्बाद हो गई हैं, लेकिन प्रशासन की बेरुखी ने किसानों के जख्म और गहरे कर दिए हैं। सोमवार को सैकड़ों किसान अपनी खराब हुई धान की बालियां हाथों में लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। आंखों में आंसू और दिल में गुस्सा लेकर उन्होंने जिलाधिकारी से गुहार लगाई “रहम करो सरकार, फसलें गईं, अब हम क्या खाएं” ?

पिछले सप्ताह जिले में कई दिनों तक तेज हवाएं और लगातार बारिश हुई थी। इसका सबसे बड़ा असर धान की फसलों पर पड़ा। लगभग एक लाख हेक्टेयर में खड़ी फसलें पूरी तरह से नष्ट हो गईं। पानी और हवा के कहर से खेतों में पड़ी धान की बालियां सड़ने लगीं। चार दिन बाद धूप निकलने पर भी फसलें संभल नहीं सकीं। खेतों में अब सिर्फ बर्बादी की तस्वीरें हैं।

किसानों का कहना है कि सरकार और प्रशासन की ओर से न तो कोई सर्वे टीम पहुंची और न ही मुआवजे का कोई भरोसा मिला। किसान अशोक कुमार राजपूत ने कहा, हमने उम्मीद की थी कि अधिकारी गांवों में जाकर नुकसान का आंकलन करेंगे, लेकिन कोई नहीं आया। अब तो परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।

बड़ोखर खुर्द के जौरही गांव से आए लगभग पचास किसान अपनी खराब फसलें ट्रैक्टरों में लादकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कहा कि “धान हमारी जिंदगी का सहारा था, अब सब मिट्टी में मिल गया है।” किसानों ने जिला प्रशासन से तत्काल सर्वे कराकर मुआवजा देने और फसल बीमा योजना के तहत राहत भुगतान की मांग की। किसानों के इस विरोध में अशोक कुमार राजपूत, जीतू सिंह, लवलेश, रामबाबू, चुन्नीलाल, सत्यम, धर्मेंद्र कुमार, हनुमान सिंह, राघव, फूलचंद्र, लल्लू, छोटेलाल, केशन, युवराज और अशोक पांडे समेत बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
