
- विनोद मिश्रा
बांदा। सूखा, पथरीली जमीन और बेरंग खेतों के लिए पहचाने जाने वाले बुंदेलखंड में अब नई उम्मीद की फसल लहलहाने लगी है। जिले के महुआ ब्लॉक के खेरवा गांव में प्रगतिशील किसान संजीव अवस्थी और विज्ञान शुक्ला ने जैविक फार्म पर करीब पाँच हेक्टेयर जमीन में दस हजार बांस के पौधे रोपित कर “हरा सोना” उगाने का अनोखा प्रयोग शुरू कर दिया है।

किसानों का कहना है कि पथरीली और ऊबड़-खाबड़ जमीन में धान, गेहूं व अन्य परंपरागत फसलें उम्मीद के मुताबिक उत्पादन नहीं दे पातीं। नतीजा, किसान आर्थिक तंगी से जूझते रहते हैं। लेकिन अब वैज्ञानिकों और कृषि विश्वविद्यालय की सलाह पर किसानों ने व्यावसायिक खेती की ओर कदम बढ़ाया है।करीब तीन दशक पहले तक बुंदेलखंड के हर गांव में खेतों की मेड़ों और घरों के आसपास बांस खूब उगते थे, लेकिन वक्त के साथ यह परंपरा खो गई। अब वही परंपरा आधुनिक अंदाज में लौट रही है।

संजीव अवस्थी बताते हैं कि बांस की यह फसल दो से तीन वर्षों में पूरी तरह तैयार हो जाएगी। इसकी खासियत यह है कि एक बार तैयार हो जाने के बाद यह लगातार आय देती रहती है। उन्होंने बताया “यह खेती किसानों के लिए वरदान साबित होगी। एक बार मेहनत करने के बाद आने वाले वर्षों तक बिना ज्यादा लागत के बांस का उत्पादन होता रहेगा।” बांस की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसकी खपत हर जगह है घर निर्माण से लेकर फर्नीचर, सजावट, हस्तशिल्प और मंडप तक।

यही वजह है कि कानपुर, प्रयागराज और अलीगढ़ की मंडियों के कारोबारी पहले ही बुंदेलखंड के किसानों से संपर्क साधने लगे हैं। किसानों को उम्मीद है कि बांस की यह खेप तैयार होते ही उनकी आमदनी कई गुना बढ़ जाएगी। कृषि विश्वविद्यालयों और कृषि विज्ञान केंद्रों में बांस की खेती पर शोध कार्य भी चल रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह “हरा सोना” न केवल बुंदेलखंड की खेती को नई दिशा देगा, बल्कि किसानों को आर्थिक समृद्धि की राह पर भी ले जाएगा।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
