
- विनोद मिश्रा
बांदा। बुंदेलखंड की धरती पर बरसात की आमद ने किसानों की उम्मीदें तो जगा दी हैं, लेकिन प्रशासन की लापरवाही ने उन उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। धान की रोपाई शुरू हो चुकी है, दलहन और तिलहन की बुआई की तैयारी जोरों पर है, लेकिन खेतों में डालने के लिए खाद नहीं है। किसानों की हालत “दे दाता के राम, तेरा भला करें भागवन” जैसी हो गई है।

खरीफ की फसलों के लिए बांदा जिले को 5200 मीट्रिक टन डीएपी और 7500 मीट्रिक टन यूरिया की जरूरत है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब तक जिले को यह जरूरी खाद उपलब्ध नहीं हो सकी है। बारिश से खेतों में नमी तो आ गई, लेकिन खाद के बिना बोआई करना मुश्किल हो गया है। किसान भटक रहे हैं, समितियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हाथ कुछ नहीं लग रहा।

हालात को देखते हुए प्रशासन ने प्री-पोजिशनिंग के तहत रखी गई इमरजेंसी खाद का वितरण शुरू कर दिया है। बफर गोदामों में 1000 मीट्रिक टन डीएपी और 800 मीट्रिक टन यूरिया का स्टॉक रखा गया था। अब तक इसमें से केवल 437 मीट्रिक टन डीएपी और 106 मीट्रिक टन यूरिया को सहकारी समितियों में भेजा गया है। बाकी स्टॉक भी सीमित है यानी आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं।

अगर शासन से जल्द खाद नहीं आई तो बांदा में खाद का संकट गंभीर रूप धारण कर सकता है। फसलों की उत्पादकता गिर सकती है, और किसान को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। एआर कोआपरेटिव अंसल कुमार का कहना है कि जिलाधिकारी ने शासन को डीएपी और यूरिया की मांग को लेकर पत्र भेजा है। जल्द खाद उपलब्ध होने की उम्मीद है। तब तक किसानों को नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के इस्तेमाल की सलाह दी जा रही है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
