
- विनोद मिश्रा
बांदा। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार जहां देशभर में सनातन और संस्कृति की रक्षा के दावे करती नहीं थकती, वहीं बुंदेलखंड के बांदा जिले में उसी ‘संस्कृति की पढ़ाई का नामोनिशान’ तक नहीं बचा। नरैनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पुंगरी में वर्षों से बंद पड़ा ‘महावीर संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय’ अब सिर्फ कागजों में जीवित है, जबकि ज़मीनी हकीकत शर्मनाक और सनातन धर्म के नाम पर एक क्रूर मज़ाक बन चुकी है।

जिस विद्यालय में वैदिक मंत्र गूंजने चाहिए थे, वहां ताले जड़े हैं। विद्यालय भवन का उपयोग अब भंडारे के भोजन पकाने के लिए हो रहा है। ना छात्र हैं, ना शिक्षक, और ना ही पढ़ाई। ग्रामीणों ने साफ कहा “कई वर्षों से यहाँ कोई पढ़ाई नहीं हो रही, बस रजिस्टर में नाम दर्ज हैं।” रविवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के निर्देश पर वरिष्ठ नेता सूरज बाजपेई, एआईसीसी सदस्य रमेश चंद्र कोरी व महेश प्रसाद ने पुंगरी पहुंचकर विद्यालय का निरीक्षण किया। मंदिर के महंत और ग्रामीणों से खुली बातचीत में सामने आया कि “यह संस्कृत विद्यालय सालों से बंद पड़ा है, पर कागजों में यह अब भी चल रहा” है।

सूरज बाजपेई ने तीखा हमला बोलते हुए कहा “यह सरकार सनातन धर्म और संस्कृति की रक्षा की बात कर रही है, लेकिन जिन विद्यालयों को जीवित रखना चाहिए, वहां वर्षों से ताले लटक रहे हैं और जनता की गाढ़ी कमाई डकार ली जा रही है। यह केवल भाषणबाज़ी नहीं, सरकारी धोखाधड़ी है।” ग्रामीणों के अनुसार, यह विद्यालय कई वर्षों से फर्जीवाड़े का अड्डा बना हुआ है। पढ़ाई का नामोनिशान नहीं, सिर्फ वेतन और योजनाएं फाइलों में चल रही हैं। मंदिर के महंत ने भी बताया कि यहां कोई छात्र या शिक्षक नहीं आता, और विद्यालय परिसर में केवल भंडारे का भोजन पकाया जाता है।

कांग्रेस नेताओं ने इस मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। रमेश चंद्र कोरी ने कहा “अगर संस्कृत विद्यालय ज़मीनी हकीकत में नहीं चलेंगे, तो भाषणों में संस्कृति की रक्षा केवल छलावा है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस प्रकरण को उच्च नेतृत्व के समक्ष रखेगी और जांच की मांग करेगी। जहां एक ओर सरकार शिक्षा और संस्कृति की रक्षा के नाम पर करोड़ों खर्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर एक ऐसा संस्कृत विद्यालय वर्षों से ताले में कैद है, जिससे स्पष्ट हो गया कि बातें बहुत हैं, लेकिन धरातल पर सब शून्य।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
