
- विनोद मिश्रा
बांदा। जिले में बुधवार की रात मौसम ने अचानक करवट ली और तबाही की पटकथा लिख दी। रात करीब 11 बजे आसमान गरजा, तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई, और देखते ही देखते कई इलाकों में टीन-छप्पर उड़ गए। बिजली की लाइनें टूट गईं और पूरा शहर अंधेरे में डूब गया।

लेकिन तबाही की ये कहानी यहीं नहीं थमी गुरुवार सुबह से सूरज ने आग उगलनी शुरू की और लू के थपेड़ों ने राहगीरों को झुलसाकर रख दिया। रात भर तेज हवाओं और बारिश की मार झेल रहे जिलेवासियों को लगा था कि मौसम राहत देगा, मगर सुबह जैसे ही सूरज निकला, गर्म हवा की चाबुक चल पड़ी।

47 डिग्री तापमान के बीच बिजली गायब रही और उमस ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। बिजली की आपूर्ति रात 11 बजे ठप हो गई और सुबह दस बजे कहीं जाकर बहाल हो सकी। लेकिन बहाली के बाद भी ट्रिपिंग का खेल दिनभर जारी रहा।

ट्रांसफार्मरों ने दम तोड़ दिया है और लोड इतना बढ़ गया है कि सिस्टम बार-बार ढह रहा है। पानी की हालत भी भयावह हो चली है। जल संस्थान अब यह रोना रो रहा है कि बिजली कटौती के चलते पानी की टंकियां भर नहीं पा रही हैं, और इससे सप्लाई चौपट हो गई है। नलों से बूंद-बूंद पानी टपक रहा है और कई मोहल्लों में तो लोगों को खाली बाल्टी लेकर वापस लौटना पड़ा।

तेज गर्मी और बिजली-पानी की किल्लत ने जिले में हालात बेहद गंभीर बना दिए हैं। अस्पतालों में मरीजों का बुरा हाल है। छोटे बच्चे और बुजुर्ग झुलसी हुई हवाओं के बीच पंखा तक नहीं चला पा रहे। नींद उड़ी हुई है, चिड़चिड़ापन बढ़ रहा है, और आमजन त्राहिमाम कर रहा है। जनता की तकलीफों के बीच सबसे बड़ी चिंता यह है कि प्रशासन की चुप्पी सन्नाटे से भी डरावनी हो गई है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
