- विनोद मिश्रा
बांदा। जिला अस्पातल में मरीजों को भीड़ और लाइन में लगने से बचाने के लिए हेल्थ एटीएम मशीन लगाई गई थी,लेकिन मरीजों को इसका भरपूर लाभ नहीं मिल पा रहा है।गिनी-चुनी ही जांचें हो रही हैं। उसमें भी इंटरनेट सेवा की व्यवस्था नहीं है। जबकि शुरुआती दौर में लगाई गई मशीन में सारी सुविधाएं उपलब्ध थीं। मशीन मरीजों की लंबाई का साइज भी सही नहीं बताती। सीएमएस भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।

मंडल मुख्यालय के जिला अस्पताल की पैथालाजी में जांच कराने वालों की सुबह से ही भीड़ जमा हो जाती है। मरीज घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते थे। इसके बावजूद भी मरीजों की जांचें नहीं हो पाती थीं। इससे मरीज खासे परेशान रहते थे। मरीजों की सुविधा और भीड़ से बचाने के लिए 200 शैया अस्पताल में कुछ माह पहले हेल्थ एटीएम मशीन लगाई गई थी। इस मशीन से शुगर, बीपी, लंबाई समेत तमाम तरह की जांचें होती थीं।

मरीजों को मोबाइल के माध्यम से भी इसकी जांचें उपलब्ध करा दी जाती थीं, लेकिन इस मशीन में लगने वाली चिप काफी महंगी थी। जब तक चिप रही तब तक तो जांचें हुईं। इसके बाद जांच ठप हो गई। फिर किसी तरह से चिप उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने निरीक्षण के दोरान हेल्थ एटीएम मशीन में कमियां पाए जाने पर उसे उठाकर मानसिक रोग के कमरे में रखवा दिया था। वहां पर कम लोग ही पहुंच पाते हैं। इस मशीन से सिर्फ शुगर, बीपी और वजन की ही जांच हो पाती है। बाकी अन्य जांचों की सुविधा उपलब्ध ही नहीं है।
क्योंकि वहां पर इंटरनेट की सुविधा नहीं है। हेल्थ एटीएम मशीन शोपीस बनी खड़ी रहती है। जिम्मेदार चुप्पी साधे बने रहते हैं। हेल्थ एटीएम मशीन टेक्नीशियन का कहना है कि मशीन में इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध नहीं है। तमाम तरह की कमियां हैं। सीएमएस को अवगत भी कराया गया है, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सीएमएस डा. एसएन मिश्र का कहना है कि हेल्थ एटीएम मशीन की कमियां दूर कराई जाएंगी। इंटरनेट की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाएगी।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://newsreach-publishers.s3.ap-south-1.amazonaws.com/citynewsuttarpradesh.in/2018/06/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
