- विनोद मिश्रा
बांदा। बूंदाबांदी के बीच अलग-अलग जगहों पर गिरी बिजली की चपेट में आकर मां-बेटे समेत तीन की मौत हो गई, जबकि महिला समेत तीन लोग झुलस गए। घटनाएं गिरवां और नरैनी क्षेत्र में हुईं। घायलों को नरैनी सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से एक की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मवेशी चराने और धान की बेड़ की रखवाली करने के दौरान खेत जाने पर चपेट में आए।

गिरवां के देवरार गांव निवासी विद्यानंद की 15 वर्षीय बेटी आकांक्षा मवेशी चराने खेत गई थी। शाम करीब साढ़े चार बजे बूंदाबांदी के बीच बिजली गिर गई, आकांक्षा उसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक ओमशंकर शुक्ला ने बताया कि कागजी कार्रवाई की गई है। इधर, नरैनी के मोतियारी गांव निवासी बलराम का पुत्र 23 वर्षीय अरविंद और भगवानदीन का बेटा 18 वर्षीय गौरी धान की बेड़ की रखवाली करने गए खेत गए थे। तभी वर्षा शुरू हो गई। दोनों पानी से बचने के लिए महुआ के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी बिजली गिर गई और दोनों झुलस गए। परिजन ने सीएचसी में भर्ती कराया। उधर, गिरवां के नौहाई गांव निवासी महादेव की पत्नी 60 वर्षीय रामकली मवेशी चराने खेत गई थीं, बिजली गिरने से बुरी तरह झुलस गईं। उनको सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

– धान की बेड़ की कर रहे थे रखवाली, छूट गई दुनिया
गिरवां के ग्राम बंडे निवासी 65 वर्षीय फूलमतिया अपने 40 वर्षीय पुत्र राजेश उर्फ बल्लू साहू के साथ रविवार दोपहर खेतों में बोई धान की बेड़ की रखवाली करने गई थीं। शाम करीब पांच बजे वर्षा होने लगी। पानी से बचने के लिए खेत किनारे बनी छानी के नीचे मां-बेटे बैठ गए। तभी अचानक बिजली गिर गई और दोनों चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर मृत्यु हो गई। बिजली की कड़क सुनकर ग्रामीण खेतों की तरफ भागे। वहां फूलमतिया व राजेश के शव पड़े मिले। मां-बेटे की मौत से स्वजन समेत ग्रामीण दुखी हो गए। राजेश अपने हिस्से की साढ़े चार बीघे जमीन में धान की बेड़ बोए था।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
