- विनोद मिश्रा
बांदा। जिलाधिकारी ने खनिज व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ खनन को लेकर बैठक की। उन्होंने कहा कि खनन में प्रतिबंधित लिफ्टर मशीनें कहीं मिलीं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ठेकेदार नदी की जलधारा से बिल्कुल छेड़छाड़ न करें और सीसी कैमरे सही दिशा में लगाएं। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसानों की जमीन से उनकी बिना अनुमति ट्रक न निकालें।

कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने खनिज अधिकारी सौरभ गुप्ता के साथ कार्रवाई को लेकर समीक्षा की। उन्होंने पट्टाधारकों से कहा कि खनन क्षेत्र से वैध परिवहन प्रपत्र के बिना कोई खनिज वाहन न निकले। प्रत्येक खनिज वाहनों की चेकिंग जरूर की जाए। बिना नंबर प्लेट, फर्जी नंबर प्लेट व धुंधले नंबर प्लेट लगाकर मौरंग न ले जाई जाए। ऐसे वाहनों को चिह्नित कर निरुद्ध किया जाए। खनन क्षेत्र में स्थापित तौल मशीन पर लगे कैमरों की स्थिति इस तरह हो कि वे-ब्रिज पर खनिज वाहन तौल करते समय उस वाहन का नंबर प्लेट स्पष्ट रूप से दिखे। वाहन का पिछला भाग स्पष्ट नजर आए। ताकि लदे हुए उप खनिज की मात्रा का आंकलन सही ढंग से हो सके।

उन्होंने कहा कि सीमांकित खनन पट्टा क्षेत्र के अंदर खनन कार्य किया जाए और सीमा स्तंभ होने चाहिए। परिवहन प्रपत्र में अंकित मात्रा के सापेक्ष मौरंग लोड की जाए। उन्होंने ठेकेदारों को चेताया कि नदियों में प्रतिबंधित लिफ्टर मशीन बिल्कुल न उतारें। अन्यथा बख्शा नहीं जाएगा। कहा कि नदी की जलधारा में मशीनों का प्रयोग न करें। साथ ही जलधारा को रोककर किसी भी प्रकार का पुल आदि न बनाएं।

जिस रास्ते से ट्रक मौरंग लेकर गुजरें, वहां जल का छिड़काव जरूर कराएं, ताकि धूल से लोगों को दिक्कतें न हों। उन्होंने कहा कि किसानों के खेतों से उनकी बिना सहमति के मौरंग भरे वाहन बिल्कुल न निकालें। इस दौरान उन्होंने जिला खनिज अधिकारी सौरभ गुप्ता, अपर जिलाधिकारी उमाकांत त्रिपाठी, सहायकी संभागीय परिवहन अधिकारी शंकर सिंह सहित सभी उप जिलाधिकारियों से अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर सतर्क निगाह रखने को कहा।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
