- विनोद मिश्रा
बांदा। देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शोहदे की हरकतों और ब्लैकमेलिंग से परेशान छात्रा ने कमरे के अंदर रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार के लोगों ने शव रस्सी के फंदे पर लटकता हुआ देखा तो कोहराम मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 19 वर्षीय छात्रा गांव के ही एक इण्टर कालेज में कक्षा 12 में पढ़ती थी। रविवार की शाम उसने कमरे के अंदर रस्सी से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। शाम को छोटे भाई की नींद खुली तो देखा कि दरवाजे बंद थे। उसने कुण्डी खटखटाई, लेकिन अंदर से कोई हरकत नहीं हुई। किसी तरह दरवाजा खोलकर परिजन कमरे के अंदर पहुंचे। देखा तो उसका शव फंदे पर लटक रहा था। आनन-फानन रस्सी काटकर शव को नीचे उतार लिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उसके पास से खून से लिखा सुसाइड नोट भी बरामद किया। मृतका के भाई ने बताया कि एक वर्ष पहले बीमारी से पिता की मौत हो गई थी, उसकी बहन गांव के ही एक इंटर कालेज में पढ़ती थी। कालेज आने-जाने में गांव का ही एक युवक उसे परेशान करता था। इतना ही नहीं उसे ब्लैक मेल भी करता था। इसी से परेशान होकर उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतका चार बहनों में सबसे छोटी थी। घटना के समय उसकी मां अपनी बड़ी बेटी की ससुराल पलरा गांव चली गई थी।
थानाध्यक्ष देहात कोतवाली बृजेश सिंह का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हकीकत सामने आएगी। इधर, सुसाइड नोट में छात्रा ने अपनी मां का ख्याल रखने की बात कही है। छह पन्ने के सुसाइड नोट में उसने आपबीती लिखी है। और खुद को सही बताया है, कहा है कि वह कभी गलत नहीं थी। छात्रा ने अपने सुसाइड नोट में यह बात भी गंभीरता पूर्वक लिखी है कि शोहदे को ऐसी सजा दिलाई जाए ताकि ऐसी कोई भी हरकत करने से पहले शोहदे हजार बार सोंचें। उसने अपनी आत्महत्या करने का तो दुख था ही, लेकिन वह शोहदे को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की बात सुसाइड नोट में लिखकर गई है। छात्रा ने सुसाइड नोट में यह भी स्पष्ट किया है कि उसे मरने से डर लगता है, लेकिन आत्महत्या करना उसकी मजबूरी है, क्योंकि लोग उसे गलत समझ रहे हैं, जबकि वह गलत नहीं थी।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
