- विनोद मिश्रा
बांदा। बरखा रानी कृपा करो अब थमो। किसान ईश्वर से यही गुहार लगा रहा है। क्योकि इस माह के दूसरे पखवारे में फिर बारिश से जनजीवन और फसलें दोनों ही प्रभावित हुईं हैं। शनिवार को तड़के हुई बारिश ने ठंड और बढ़ा दी। 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शीत लहर चलती रही। हवा में नमी का ग्राफ 55 प्रतिशत हो गया। न्यूनतम पारा 12 डिग्री रिकार्ड किया गया।

एक सप्ताह पहले हुई बेमौसम बारिश से किसान फसलों को बचाने की कवायद में लगे ही थे कि इस बारिश ने फिर उनकी कोशिशों पर पानी फेर दिया। बचीखुची और क्षतिग्रस्त फसल को खुले मौसम में फिर खड़े करने की कवायदों को भी झटका लगा। गेहूं, चना, सरसों, मटर, मसूर, अलसी आदि फसलों को नुकसान पहुंचा है। उत्पादन में 30 फीसदी तक गिरावट आ सकती है।
जनवरी की शुरूआत में चार दिन तक लगातार हुई बेमौसम की बारिश व ओलावृष्टि ने 50 फीसदी फसलों को तहस-नहस कर दिया था। खलिहानों में रखी धान की फसल काली पड़ गई थी। धूप निकलने के बाद किसान धान की फसल को सुखाने व रबी की फसल को बचाने की कवायद में जुटे थे। शनिवार को पुन: बेमौसम बारिश ने किसानों का संकट बढ़ा दिया। हालांकि बारिश से सरसों आदि में लगने वाला माहू कीट धुल गया है।

जिला कृषि अधिकारी डा. प्रमोद कुमार का कहना है कि शनिवार की बारिश से फसलों को कोई नुकसान नहीं हुआ। अब रबी की फसलों को सिंचाई का पानी नहीं देना पड़ेगा। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक दिनेश शाहा का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बारिश और मौसम में बदलाव हुआ है।
( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )


![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
