हमीरपुर। ग्राम नरायच में चंद्रावल नदी के तट पर बने डाक बंगले के सामने हाल में ही डाले गए मलबे में चांदी के सिक्के मिलने की सूचना पर दर्जनों ग्रामीण कुदाली फावड़ा लेकर मौके पर पहुंच गए। सिक्कों की आस में मलबे की खोदाई शुरू कर दी। इसकी जानकारी होते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है। हालांकि जिस भगवती नाम के युवक को मौके से चांदी के सिक्के मिले हैं वह मौका देखकर वहां से भाग निकला। वहीं ग्रामीण करीब 70 सिक्के मिलने की बात कह रहे हैं। वहीं तीन ग्रामीणों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उनके पास से 21 सिक्के बरामद किए गए हैं।

कोतवाली क्षेत्र मौदहा के ग्राम नरायच से सटकर बह रही चंद्रावल नदी के तट पर ब्रिटिश काल का एक जर्जर डाक बंगला है। उक्त डाक बंगले के सामने हाल में ही किसी के पुराने घर की खोदाई होने के बाद वहां से निकलने वाला मलबा डाल दिया गया था। हाल में ही हुई लगातार बारिश का पानी उक्त मलबे के ऊपर से बहने से वहां की मिट्टी बह गई। जिससे उसमें दबे चांदी के सिक्के दिखाई देने लगे। सोमवार की सुबह डाक बंगले के सामने ही रहने वाले भगवती निषाद की नजर मलबे में पड़े चांदी के सिक्कों पर पड़ी तो उसने वहां मौजूद लोगों की नजर बचाकर सिक्के उठाने शुरू किए। तभी अन्य लोगों की नजर भगवती पर पड़ गई। जिस पर यह बात गांव में फैल गई। नदी के तट पर मलबे में सिक्के होने की आशंका को लेकर दर्जनों ग्रामीण कुदाली व फावड़ा लेकर वहां पहुंच सिक्के मिलने खोदाई करने में जुट गए। इसकी जानकारी होते ही ग्रामीणों का हुजूम नदी के किनारे एकत्र हो गया। इस मामले की जानकारी होते ही कोतवाली प्रभारी पवन कुमार पटेल भी पहुंच गए।

जहां पुलिस को देखते ही खोदाई कर रहे ग्रामीणों में अफरा तफरी मच गई। इस मामले को लेकर कोतवाली प्रभारी पवन कुमार पटेल ने बताया कि उर्स होने के चलते गड्ढों को भरने के लिए मिट्टी व मकान का मलबा डाला गया था। बारिश होने से मिट्टी हटी और सिक्के दिखने लगे। इसके बाद उक्त स्थान पर पुलिस तैनात कर दी गई है। सिक्के लेकर जाने वाले भगवती के मिलने के बाद ही इसके बारे में और जानकारी हो सकेगी। वहीं भगवती के रिश्तेदार युवक समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उनके पास से 21 सिक्के बरामद कर लिए गए हैं। बताया कि पुरातत्व की टीम को सूचना दे दी गई है। मंगलार को टीम अपनी जांच शुरू करेगी।
( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
