– ड्रिप सेट न होने की वजह से हुई परेशानी
– बारिश के साथ ही बढ़े संक्रामक रोग के मरीज
- विनोद मिश्रा
बांदा। एक तरफ बारिश के साथ ही संक्रामक रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, दूसरी तरफ जिला अस्पताल में इंजेक्शन और दवाओं का टोटा है। ड्रिप सेट तक जिला अस्पताल में रविवार को नहीं मिले। इससे मरीजों ने मेडिकल स्टोरों से दवाइयां और इंजेक्शन के साथ ही ड्रिप सेट खरीदे, तब कहीं जाकर मरीजों को उपचार सुलभ हो सका।

इन दिनों जिला अस्पताल में मरीजों की भरमार है। संक्रामक बीमारियों, बुखार, डायरिया, खांसी-जुकाम के मरीज भरे पड़े हैं। सुबह अस्पताल खुलते ही मरीजों की लंबी लाइन लग रही है। रविवार को जिला अस्पताल में दवाइयों और इंजेक्शन का टोटा नजर आया। आलम यह था कि बोतल लगाने के लिए ड्रिपसेट तक नहीं था। अस्पताल आने वाले मरीजों के तीमारदारों ने मेडिकल स्टोरों से दवा, इंजेक्शन और ड्रिपसेट खरीदी, तब कहीं जाकर मरीज को उपचार सुलभ हो सका। जिला अस्पताल के कर्मचारियों का कहना है कि अचानक दवाओं का स्टाक खत्म हो गया, अन्य जरूरत की सामग्री भी जिला अस्पताल में खत्म हो गई है।

बताया कि उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही इंजेक्शन और दवाइयां उपलब्ध होंगी। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने बताया कि एंटीबायोटिक टेबलेट और इंजेक्शन तक नहीं है। ऐसी हालत में मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी गरीब मरीजों को हो रही है।

जिला अस्पताल में इंजेक्शन और दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध हो जाती थीं, लेकिन ऐन वक्त पर जब मरीजों की संख्या अधिक है, ऐसे में दवइयां और इंजेक्शन उपलब्ध न होने के कारण मरीजों और उनके तीमारदारों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
