- विनोद मिश्रा
बांदा। बुंदेलखंड के बकस्वाहा जंगल को हीरा खदान में तब्दील करने से बचाने का नारा अब मध्य प्रदेश के महामहिम तक पहुंचेगा। पर्यावरण पैरोकारों के संगठन 27 जून को राजभवन पर प्रदर्शन करेंगे। उधर, 30 जून को एनजीटी इस पर फिर सुनवाई करेगी। हीरा खदान कंपनी भी अपनी सफाई पेश करेगी।

बुंदेलखंड के सीमावर्ती छतरपुर जिले में बकस्वाहा जंगल को हीरा खनन के लिए बिड़ला ग्रुप की एक्सल माइनिंग इंड्रस्ट्रीज कंपनी को 50 साल के पट्टे पर एमपी सरकार ने दे दिया है। इसका रकबा लगभग 382.13 हेक्टेयर है। जंगल के लगभग 2.15 लाख हरे-भरे पेड़-पौधे काटे जाएंगे। इतनी बड़ी हरियाली पर मंडराते खतरे से पर्यावरण प्रेमी और उनके संगठनों ने आंदोलन छेड़ दिया है। बकस्वाहा जंगल में कई प्रदर्शन हो चुके हैं। वेबिनार के जरिये देश भर के पर्यावरण प्रेमी विरोध जता रहे हैं।

27 जून को भोपाल स्थित राजभवन और अन्य जनपदों में जल, जंगल और जमीन बचाने के लिए सक्रिय संगठन प्रदर्शन करेंगे। हीरा खदान को दी गई अनुमति को निरस्त करने की मांग करेंगे। पर्यावरण पैरोकारों का दावा है कि इस प्रदर्शन के लिए लगभग सौ संगठन अपनी सहमति जता चुके हैं। शायद पहली बार मध्य प्रदेश के महामहिम राज्यपाल की ड्योढ़ी पर यह मुद्दा गूंजेगा।
बकस्वाहा बचाओ आंदोलन को और धार देने के लिए तदर्थ समिति 26 जून को भोपाल में बैठक करेगी।

बकस्वाहा जंगल मुद्दे पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) 30 जून को फिर सुनवाई करेगी। उज्ज्वल शर्मा व डॉ. पुष्पराज शर्मा ने 11 जून को याचिका दायर की थी। इसमें 17 जून को पहली सुनवाई हो चुकी है। याचिका में राज्य सरकार, पर्यावरण मंत्रालय और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के साथ खदान का पट्टा लेने वाली कंपनी एक्सल माइनिंग इंड्रस्ट्रीज, मुंबई को भी पक्ष (पार्टी) बनाया गया है।

– अपनी दलीलें देगी हीरा कंपनी
हीरा खदान के लिए हरा-भरा बकस्वाहा लेने वाली कंपनी एक्सल माइनिंग इंड्रस्ट्रीज 30 जून को एनजीटी में अपनी दलीलें पेश करेगी। हालांकि कंपनी के नुमाइंदे 17 जून को भी सुनवाई के दौरान बिना बुलाए एनजीटी पहुंच गए थे। अपना पक्ष दाखिल करने का अनुरोध किया था, लेकिन एनजीटी ने उस दिन इसे अस्वीकार करते हुए 30 जून की तारीख दी।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
