
- विनोद मिश्रा
बांदा। बुंदेलखंड की ‘ऐतिहासिक धरोहर’ अब केवल ‘अतीत की गवाही नहीं देंगी, बल्कि आने वाले’ समय में क्षेत्र की आर्थिक और सांस्कृतिक समृद्धि’ का केंद्र बनेंगी। बांदा मंडल के दो प्राचीन और ऐतिहासिक किले बांदा का कालिंजर और महोबा का मंगलगढ़ को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना को हरी झंडी मिल गई है। पर्यटन विभाग को इन किलों के विकास की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

योजना की सबसे अहम शर्त यह है कि ऐतिहासिक किलों की मूल संरचना से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। किलों से 100 मीटर की परिधि के भीतर कोई निर्माण नहीं होगा। सभी विकास कार्य निर्धारित परिधि के बाहर किए जाएंगे, जिससे विरासत संरक्षण और आधुनिक पर्यटन के बीच संतुलन बना रहे।

परियोजना के तहत प्रत्येक किले के आसपास 5 से 10 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जाएगी। इसके लिए किसानों और भू-स्वामियों से संपर्क किया जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पारदर्शी होगी और भू-स्वामियों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा।

भूमि अधिग्रहण के बाद किलों के समीप आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा। यहां पर्यटकों के ठहरने के लिए होटल, बुंदेली संस्कृति पर आधारित थीम पार्क, वाटर लेजर पार्क, ओपन एयर थिएटर, बुंदेली फूड प्लाजा, ओडीओपी शॉप, ओडीओसी फूड कार्नर सहित करीब 60 प्रकार की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसका उद्देश्य पर्यटकों को बुंदेलखंड की संस्कृति, खान-पान और विरासत का एकीकृत अनुभव प्रदान करना है।

योजना के अनुसार दोनों किलों पर कुल मिलाकर करीब 160 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रत्येक किले के विकास पर लगभग 80 करोड़ रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है। इस निवेश से निर्माण, पर्यटन, होटल, हस्तशिल्प और परिवहन क्षेत्रों में रोजगार के बड़े अवसर सृजित होंगे। उपनिदेशक पर्यटन आर. के रावत ने बताया कि किसानों और भू-स्वामियों से भूमि अधिग्रहण को लेकर संपर्क शुरू कर दिया गया है। यह परियोजना बुंदेलखंड के पर्यटन विकास में ‘मील का पत्थर’ साबित होगी।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
