
- विनोद मिश्रा
बांदा। शहरवासियों के लिए राहत की खबर है। जो पार्क जो अब तक अनियमितताओं की सांसें ले रहा था, अब नई ताज़गी के साथ खिल उठेगा। सरदार वल्लभभाई पटेल ऑक्सीजन पार्क की जिम्मेदारी अब नगर पालिका के हाथों में आने जा रही है। इस जिम्मेदारी का संचालन पालिका अध्यक्ष मालती बासू और उनके प्रतिनिधि अंकित गुप्ता करेंगे।

माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में पार्क की तस्वीर बदल जाएगी। नगर के लोगों को अब स्वच्छ ऑक्सीजन से लबरेज और हरियाली में खिलखिलाता माहौल मिलने वाला है।

नवाब टैंक, नरैनी रोड पर स्थित यह पार्क बांदा शहर से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर है। वर्ष 2020 में विकास प्राधिकरण ने करीब 50 लाख रुपये की लागत से इसका निर्माण कराया था। इसका उद्देश्य था शहरवासियों को एक शांत, हरियाली से भरे वातावरण में टहलने और विश्राम का अवसर देना। लेकिन वर्षों से रखरखाव के अभाव में पार्क की चमक फीकी पड़ने लगी थी।

अब जब नगर पालिका ने इसकी कमान संभालने की हामी भरी है, तो उम्मीद की जा रही है कि यह पार्क फिर से अपनी हरियाली और सुंदरता के लिए जाना जाएगा। पार्क के ठीक बगल में स्थित नवाब टैंक इसकी सुंदरता में ‘चार चांद’ लगाता है। सुबह की ठंडी हवा और पानी की लहरों का संगीत यहां आने वालों को सुकून देता है। टैंक में नाव व स्टीमर की सैर का आनंद भी लोग लेते हैं।

यह व्यवस्था फिलहाल एक निजी संस्था द्वारा संचालित की जा रही है, जिसका मामूली शुल्क लिया जाता है। हालांकि पार्क में प्रवेश निशुल्क है और पालिका ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी कोई शुल्क नहीं वसूला जाएगा। विकास प्राधिकरण बोर्ड की बैठक में सचिव मायाराम ने प्रस्ताव रखा कि पार्क का रखरखाव अब नगर पालिका को सौंपा जाए ताकि इसकी बेहतर देखभाल हो सके। इस प्रस्ताव पर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकित गुप्ता ने सहमति जताई।

अंकित गुप्ता ने कहा “हम शहरवासियों को हरियाली और स्वच्छ वातावरण” देना चाहते हैं। जैसे ही यह पार्क नगर पालिका को सौंपा जाएगा, हम इसे और खूबसूरत बनाएंगे। पेड़-पौधों की नई प्रजातियां लगाई जाएंगी, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रहेगा और बच्चों के लिए नई सुविधाएं जोड़ी जाएंगी।

सुबह और शाम को सैकड़ों लोग यहां टहलने, योग करने और बच्चों के साथ समय बिताने आते हैं। कई परिवार सप्ताहांत में यहां पिकनिक का आनंद भी लेते हैं। अब नगर पालिका के हाथों में आने के बाद उम्मीद है कि यह पार्क सिर्फ “ऑक्सीजन पार्क” नहीं रहेगा, बल्कि बांदा का नया हरियाली केंद्र बन जाएगा।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
