- विनोद मिश्रा
बांदा। शराब के नशे में महिला व उसके घर आए युवक के बीच रुपयों के लेन-देन में विवाद हो गया। महिला ने अपने एक सहयोगी वृद्ध के साथ मिलकर युवक को चाकू व डंडे से हमला कर मरणासन्न कर दिया। बाद में उसे लहूलुहान हालत में उठाकर अपने घर के बाहर फेंक दिया। महिला ने दुष्कर्म का प्रयास करने का घायल युवक के ऊपर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मुहल्ला निवासी 35 वर्षीय महिला ने घर आए 37 वर्षीय बिंदा पुत्र रामऔतार निवासी ग्राम बड़ोखर बुर्जुग गिरवां को चाकू व डंडे से हमला कर मरणासन्न कर दिया। हमले के समय महिला के साथ उसका एक सहयोगी वृद्ध भी था। घटना को अंजाम देने के बाद महिला व उसके सहयोगी ने उसे लहूलुहान हालत में उठाकर अपने घर के बाहर फेंक दिया।
पड़ोसियों ने उसे तड़पता देखकर यूपी 112 को सूचना दी। जिसमें पुलिस ने घायल युवक को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। पुलिस ने घायल युवक के बयान दर्ज किए हैं। जिसमें उसका कहना है कि घर बुलाने के बाद महिला उससे रुपये मांग रही थी। रुपये देने से मना करने पर शराब के नशे में महिला ने उसके ऊपर ताबड़-तोड़ कई वार चाकू व डंडे से किए हैं। वहीं दूसरी ओर पुलिस की पूछताछ में आरोपित महिला ने बताया कि युवक शराब के नशे में घर के अंदर आने के बाद उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास कर रहा था। बचाव को लेकर उसने डंडे से उसे पीटा है।
हालांकि युवक का सिर फटने के साथ नाक, हाथ व गले आदि जगह जख्म मिले हैं। कोतवाली निरीक्षक राजेंद्र सिंह व कालूकुआं चौकी इंचार्ज कौशल कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में शराब पीने व खाना खाने के बाद आपस में झगड़ा करने का सामने आया है। घायल की ओर से अभी तक तहरीर नहीं दी गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घायल युवक का मोबाइल बरामद होने पर उसे लौटाया गया है।
( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
