- विनोद मिश्रा
बांदा। आसमान पर बादल उमड़-घुमड़ रहें हैं, पर बिन बरसे ललचा कर चले जाते हैं।मानसून बैरी हो गया है। किसान बादलों की ओर निहारता झूम कर बरसने की आशा इस तर्ज पर करता महसूस होता है की “आरे-आरे वो कारी बदरिया,जम के बरसो री मेरी नगरिया,क्यों बैरी हुई हो बदरिया”!

किसानों की चिंता स्वाभाविक भी है।जुलाई का अब तक का मौसम तेज धूप व उमस के साथ गुजरा है। खेतों का पानी सूखता जा रहा है। उम्मीद समय से मानसून आने की थी लेकिन मौसम के तेवर देख खेती को लेकर किसान चितित दिखने लगे हैं। कृषि विभाग के अधिकारी भी मान रहे हैं कि मानसून सक्रिय होने में देरी हो गई है। विभाग ने अब तक करीब पांच फीसद बोआई व रोपाई होने का दावा किया है।

इस समय तेज धूप व दोपहर में गर्म हवा चल रही है। उमस से लोग पसीना-पसीना रहते हैं। तल्ख मौसम के कारण किसानी पर इसका असर देखने को मिल रहा है। जिले में अबकी बार एक लाख 37 हजार 997 हेक्टेअर में खरीफ फसलों की बोआई व रोपाई होनी है। सर्वाधिक 53 हजार 561 हेक्टेअर में धान पैदा किया जाना है। जुलाई का पहला सप्ताह बीतने को है लेकिन अभी भी मानसून की जोरदार बारिश नहीं हुई। हालांकि नहरों में पानी छोड़ दिया गया है इससे किसानों को काफी राहत मिलेगी।

नहरी क्षेत्र के किसानों का कहना है कि पूर्ण क्षमता से नहरें चलेंगी तो धान की रोपाई समय से पूरी कर देंगे। उधर तेज धूप के कारण खेतों में नमी कम होने के चलते जोताई-बोआई के कार्य पर असर पड़ा है। कनवारा के किसान चेतराम बताते हैं कि जून के शुरुआत में बारिश अच्छी रही। लेकिन दूसरे पखवारे से अब तक ज्यादातर मौसम सूखा रहा इससे जोताई व बोआई पर असर पड़ा।किसान तिल तक नहीं बो पा रहा। आधा आषाढ़ निकल गया। हालांकि कृषि विभाग के अधिकारियों का दावा है कि करीब पांच फीसद यानी लगभग सात हजार हेक्टेअर में बोआई व रोपाई हो गई है।लेकिन यह सरकारी आंकड़े है, जमीनी हकीकत इन दावों के विपरीत है !

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
