
- शरद मिश्रा
बांदा। अब “स्टेशन सिर्फ सफर की शुरुआत नहीं,चित्रकूट मंडल के हुनर की पहचान” भी बनेगा। उत्तर मध्य रेलवे ने “एक स्टेशन, एक उत्पाद योजना” के तहत चित्रकूट मंडल के 8 प्रमुख स्टेशनों को “दिव्यांगजनों के लिए लाइव मार्केट” में बदल दिया है। अब प्लेटफॉर्म पर चाय के साथ मानिकपुर का पेड़ा, उरई की चितेरी पेंटिंग और महोबा का गौरा स्टोन क्राफ्ट भी मिलेगा। सबसे बड़ी बात यह की क्षेत्र के दिव्यांगजन अपना माल सीधे यात्रियों को बेचेंगे।
रेलवे की इस पहल का मकसद साफ है “घर और गांव में बनने वाले स्थानीय उत्पादों को बड़ा बाजार” देना। प्रयागराज और झांसी मंडल के स्टेशनों पर दिव्यांगजनों को स्टाल और ट्रॉली मुहैया कराई जाएंगी। इससे न सिर्फ स्वरोजगार बढ़ेगा, बल्कि बुंदेलखंड की “लुप्त होती कला और खान-पान” को भी “नई पहचान” मिलेगी। मानिकपुर जंक्शन पर पेड़ा,आंवला उत्पाद, पत्थर-लकड़ी के सामान, हर्ब्स, अचार, रबड़ी, कुल्फी के लिए स्टाल है। चित्रकूट स्टेशन पर लकड़ी के पारंपरिक खिलौने बेचे जाएंगे।
अतर्रा में बरी-पापड़, अचार-मुरब्बा, बेकरी, चावल के उत्पाद के लिए ट्रॉली दी गई है। बांदा स्टेशन पर शजर पत्थर कला, अचार-पापड़, दलिया बिकेगा। भरुआ सुमेरपुर में मक्का और चावल से बने उत्पाद, महोबा जंक्शन पर गौरा स्टोन, क्राफ्ट, नमकीन, मुरब्बा, उरई में चितेरी कला पेंटिंग, कपड़े के बैग, बरी-पापड़ और हरपालपुर में हथकरघा, बेकरी, लड्डू, पापड़, अचार, मुरब्बा के लिए ट्रॉली उपलब्ध है। मानिकपुर जंक्शन के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 24 अगस्त 2026 है। इच्छुक दिव्यांगजन अपने स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक या खाद्य निरीक्षक कार्यालय में संपर्क करें।
झांसी मंडल के लिए डीआरएम कार्यालय, झांसी और मानिकपुर के लिए डीआरएम कार्यालय, प्रयागराज से भी जानकारी ली जा सकती है। आवेदन के साथ “आधार कार्ड और दिव्यांगता प्रमाणपत्र” की “फोटोकॉपी” लगानी होगी। स्टाल या ट्रॉली 3 महीने के लिए दी जाएगी। इसके बाद दूसरे “पात्र दिव्यांगजन” को मौका मिलेगा ताकि “ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा” जा सके। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस योजना से “वोकल फॉर लोकल” को असली पंख लगेंगे। यात्रियों को “शुद्ध स्थानीय स्वाद” मिलेगा और “दिव्यांगजन सम्मान के साथ आत्मनिर्भर” बनेंगे।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
