
- विनोद मिश्रा
बांदा। अब माध्यमिक विद्यालयों की पढ़ाई केवल किताबों और परीक्षाओं तक सीमित नहीं रहेगी। नई व्यवस्था के तहत छात्र-छात्राओं को स्कूल में ही रोजगार और स्वरोजगार से जुड़े व्यावहारिक कौशल सिखाए जाएंगे, ताकि पढ़ाई पूरी करने के बाद वे केवल नौकरी की तलाश तक सीमित न रहें, बल्कि अपने हुनर के दम पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी तलाश सकें। चित्रकूट धाम मंडल के सरकारी और सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में व्यावसायिक (वोकेशनल) शिक्षा लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है। इससे मंडल के 2 लाख 13 हजार 450 विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
चित्रकूट धाम मंडल के बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर और महोबा में कुल 542 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 2,13,450 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें 221 राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में वर्तमान शैक्षणिक सत्र से 142 राजकीय और 79 एडेड विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा शुरू की जाएगी। विद्यार्थियों को प्रतिदिन एक घंटे तथा सप्ताह में छह घंटे कौशल आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा। विद्यार्थियों को एग्रीकल्चर, डाटा एंट्री, रिटेल, फाइनेंस समेत कई रोजगारपरक ट्रेडों का प्रशिक्षण मिलेगा। इसमें केवल सैद्धांतिक पढ़ाई नहीं, बल्कि व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। योजना के तहत प्रत्येक विद्यालय में आउटसोर्सिंग के माध्यम से दो-दो व्यावसायिक प्रशिक्षकों की नियुक्ति होगी, जिन्हें 15 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा।
किसी भी ट्रेड को शुरू करने के लिए कम से कम 25 विद्यार्थियों का प्रवेश आवश्यक होगा। यदि किसी ट्रेड में 100 से अधिक विद्यार्थी होंगे तो दूसरी शिफ्ट भी संचालित की जाएगी। यह प्रशिक्षण कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को दिया जाएगा। चित्रकूट धाम मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) राजू राणा ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार राजकीय और एडेड विद्यालयों में प्रतिदिन एक घंटे रोजगारपरक कौशल आधारित प्रशिक्षण शुरू कराया जाएगा। इसके लिए एग्रीकल्चर, डाटा एंट्री, रिटेल, फाइनेंस समेत विभिन्न ट्रेड संचालित होंगे। शासनादेश के अनुरूप बैठक कर सभी विद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि योजना का व्यवस्थित और प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
