
- शरद मिश्रा
बांदा। नवीन गल्ला मंडी की बदहाली और अनियमितताओं से परेशान व्यापारियों की आवाज बनकर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकित बासू सोमवार को डीएम और एसपी कार्यालय पहुंचे। अंकित बासू के नेतृत्व में दर्जनों व्यापारियों ने अधिकारियों को शिकायत पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की। अंकित बासू ने बताया कि 4 जुलाई को मंडी में एक व्यापारी की दुकान से 6 लाख 33 हजार 218 रुपये नकद चोरी हो गए थे। इस संबंध में कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई थी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी का डीवीआर भी जब्त किया था। लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी चोरी का खुलासा नहीं हो सका है। इससे व्यापारियों में भारी आक्रोश है।
शिकायत पत्र में अंकित बासू ने मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि मंडी के मुख्य गेट पर तीन सुरक्षा गार्ड तैनात होने चाहिए लेकिन अधिकांश समय केवल एक ही गार्ड ड्यूटी पर मिलता है। इसी लापरवाही का नतीजा है कि दिनदहाड़े चोरी की घटनाएं हो रही हैं। व्यापारियों ने मंडी सचिव के व्यवहार को लेकर भी शिकायत की। अंकित बासू के अनुसार सचिव का रवैया व्यापारियों के प्रति अभद्र है। साथ ही आवारा पशुओं को भगाने के लिए तैनात आठ कर्मचारियों का सही उपयोग नहीं हो रहा। आरोप है कि ये कर्मचारी मंडी का काम करने के बजाय मंडी सचिव की ‘निजी सेवा’ में लगे रहते हैं।
आर्थिक अनियमितता का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया। अंकित बासू ने कहा कि पहले व्यापारियों से 10 प्रतिशत मेंटेनेंस शुल्क लिया जाता था जिसे इस साल बढ़ाकर 20 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके बावजूद मंडी में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। व्यापारियों का दावा है कि सफाई के नाम पर हर महीने करीब एक लाख रुपये खर्च दिखाए जाते हैं लेकिन नालियों की नियमित सफाई नहीं होती और पूरे परिसर में गंदगी फैली रहती है।
डीएम एवं एसपी को सौंपे ज्ञापन में अंकित बासू ने मांग की है कि 6.33 लाख की चोरी का जल्द खुलासा किया जाए, मंडी सचिव और कर्मचारियों की कार्यशैली की जांच हो, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर तीनों गार्डों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित की जाए और मेंटेनेंस के नाम पर वसूले जा रहे पैसे का हिसाब दिया जाए। अंकित बासू ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के अंदर इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो व्यापारी मंडी बंद करके आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
