
- विनोद मिश्रा
चित्रकूट। अजब चित्रकूट का गजब प्रशासन। यहां जिला मुख्यालय पर “न्यू वर्ड वाटर पार्क यमराज की नई ब्रांच खोलकर बैठा” है। मस्ती के नाम पर एंट्री लो और बोनस में केमिकल बर्निंग फ्री पाओ। जनता की चमड़ी उधड़ रही है, बच्चे बिलबिला रहे हैं, मगर “डीएम पुलकित गर्ग साहब का पुलकित मुद्रा में दफ्तर के एसी की ठंडी हवा और चैन की बंशी” दोनों चालू हैं।
लोग शिकायत कर रहे हैं कि वाटर पार्क का पानी नहीं, सीधा तेजाब है। नहाते ही शरीर पर ऐसे छाले पड़ रहे हैं जैसे किसी ने “जलती सिगरेट से दाग” दिया हो। इसे “स्विमिंग पूल कम, केमिकल अटैक जोन” कहना ज्यादा सही होगा ! लेकिन मजाल है जो स्वास्थ्य विभाग या प्रशासन की टीम जांच करने पहुंच जाए। लगता है साहब लोगों ने मान लिया है कि “जनता की खाल गैंडे” की है।
सबसे चुटीला पहलू यह है कि प्रशासन कार्रवाई करने से पहले शायद मुहूर्त निकलवा रहा है। शुभ मुहूर्त वही होगा जब चार छह लाशें वाटर पार्क से सीधे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचेंगी। तभी फीता काटकर जांच शुरू होगी और फोटो खिंचवाकर अखबार में छपेगी। तब तक “आप झुलसते रहिए, प्रशासन का निकम्मापन जिंदाबाद” !
सूत्र बताते हैं कि “न्यू वर्ड वाटर पार्क” मानकों को ताक पर रखकर चल रहा है। पानी में क्लोरीन की जगह कौन सा जहर घोला जा रहा है, यह जांच का विषय है। मगर जांच कौन करे। साहब लोगों की कलम तभी चलती है जब ऊपर से फोन आ जाए या नीचे से लिफाफा? यहां तो जनता सिर्फ चिल्ला रही है, इसलिए फाइल दबी पड़ी है।
कहावत पुरानी है पर चित्रकूट में एकदम फिट बैठती है कि “रोम जल रहा था और नीरो चैन की वंशी बजा” रहा था। यहां वाटर पार्क में जनता का जिस्म जल रहा है और डीएम दफ्तर में बैठकर विकास की सेल्फी ले रहे हैं। सील करना तो दूर, नोटिस तक भेजने की जहमत नहीं उठाई।
चित्रकूट के लोग पूछ रहे हैं कि आखिर प्रशासन किस बड़े हादसे का वेट कर रहा है। क्या जब कोई बच्चा इस केमिकल कुंड में झुलसकर मर जाएगा तब अफसरों की अंतरात्मा जागेगी। मांग सिर्फ एक है कि इस मौत के वाटर पार्क को तुरंत सील करो और संचालक को जेल भेजो। फिलहाल चित्रकूट का न्यू वर्ड वाटर पार्क प्रशासन के निकम्मेपन का जीता जागता सबूत है। अगली बार जब आप वहां जाएं तो “स्विमिंग कॉस्ट्यूम के साथ बर्नोल का डिब्बा” जरूर ले जाएं। क्योंकि “यहां प्रशासन नहीं, सिर्फ यमराज ड्यूटी” पर है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
