
- विनोद मिश्रा
बांदा। फतेहपुर की सीमा से सटे यमुना नदी के शांत किनारों पर बसे “दो गांव बेंदा और जौहरपुर” आज केवल “भौगोलिक पहचान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति के प्रतीक” बन चुके हैं। करीब 15-15 हजार की आबादी वाले ये गांव अपने भीतर एक “अनोखी परंपरा संजोए” हुए हैं। यहां लगभग “हर घर में कोई न कोई सदस्य भारतीय सेना में है या भर्ती की तैयारी” कर रहा है। ग्रामीण गर्व से कहते हैं, “हमारे गांव में खेती भी होती है और फौजी भी बनते हैं”।

भोर होते ही गांव की गलियां और खेतों की मेड़ें युवाओं की दौड़ से गूंज उठती हैं। कोई लंबी दौड़ लगा रहा है,तो कोई लंबी कूद और ऊंची कूद का अभ्यास कर रहा है। सेना भर्ती की तैयारी यहां दिनचर्या का हिस्सा है। बेंदा में 42 और जौहरपुर में 28 मजरे हैं। इन मजरों में रहने वाले युवाओं के लिए सेना में भर्ती होना केवल नौकरी नहीं, बल्कि परंपरा और सम्मान का प्रतीक है।

इन गांवों की देशभक्ति की जड़ें इतिहास में गहराई तक समाई हैं। भारत-पाकिस्तान के पहले युद्ध (1947-48) में 6 फरवरी 1948 को वीर सैनिक केदार सिंह ने मातृभूमि के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए। वहीं 1971 के युद्ध में जौहरपुर के वीर सपूत सूरज पाल सिंह ने सर्वोच्च बलिदान दिया। इन शहीदों की गाथाएं आज भी गांव के चौपालों पर सुनाई जाती हैं। बच्चे इन्हीं कहानियों को सुनकर बड़े होते हैं और उनके “मन” में सेना की वर्दी पहनने का सपना पलता है।

इन गांवों में जब किसी युवक का सेना में चयन होता है, तो वह केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे गांव की खुशी बन जाता है। इनका मानना है कि “देश सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं।” बेंदा और जौहरपुर ने यह साबित किया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद अगर लक्ष्य स्पष्ट हो तो हर कठिनाई छोटी लगती है। यह गांव आज भी देश को ऐसे सपूत दे रहा है, जो सीमाओं पर डटकर खड़े हैं और राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
