
- विनोद मिश्रा
चित्रकूट। अभी तक जिसे खेती का “ऑफ सीजन” माना जाता था, वही गर्मी अब जिले के किसानों के लिए कमाई का नया मौसम बनने जा रही है। अर्धसूखा प्रभावित इस जिले में खेती की दशा-दिशा बदलने के लिए जिला प्रशासन ने एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी पहल शुरू की है। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के नेतृत्व में इस बार गर्मी के सीजन में बड़े पैमाने पर मूंग की खेती कराकर किसानों की आय बढ़ाने और जिले को दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की ठोस रणनीति लागू की जा रही है।

इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत जिले के 10 चयनित गांवों में लगभग 500 एकड़ क्षेत्रफल में मूंग की फसल बोई जाएगी। प्रशासन का मानना है कि यदि किसान साल में सिर्फ दो फसलों पर निर्भर रहेंगे तो उनकी आय सीमित ही रहेगी। ऐसे में खेती को बारहमासी और बहुफसली बनाना समय की मांग है। गर्मी में तीसरी फसल लेकर किसान अपनी आमदनी में बड़ा उछाल ला सकते हैं।

जिलाधिकारी पुलकित गर्ग का कहना है कि चित्रकूट में दलहन की भारी मांग के बावजूद उत्पादन बेहद कम है। स्थिति यह है कि जिले में खपत होने वाली दालों का बड़ा हिस्सा बाहर से मंगाया जाता है। यदि स्थानीय स्तर पर मूंग जैसी फसलों का उत्पादन बढ़ाया जाए तो किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और जिले की आत्मनिर्भरता भी मजबूत होगी। उन्होंने दलहन और श्री अन्न (मिलेट्स) आधारित खेती को आय वृद्धि के साथ-साथ पोषण सुरक्षा से भी जोड़ा है।

अब तक गर्मी में खेती न होने के पीछे अन्ना प्रथा, पानी की कमी और संसाधनों का अभाव जैसे कारण प्रमुख रहे हैं। लेकिन बीते कुछ वर्षों में जल संरक्षण, तालाबों के पुनर्जीवन और जलस्रोतों के सुदृढ़ीकरण पर किए गए प्रयासों से स्थिति में सुधार हुआ है। प्रशासन अब चाहता है कि इन संसाधनों का बेहतर उपयोग कर किसान गर्मी के मौसम में भी खेती करें। इस पूरी योजना को कृषि विज्ञान केंद्र के तकनीकी सहयोग से तैयार किया गया है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
