
- विनोद मिश्रा
बांदा। जिले की केन नदी सिर्फ बह नहीं रही, बल्कि “सिस्टम की सड़ांध, माफिया की दबंगई और प्रशासन की चुप्पी” को अपने भीतर “समेटे” हुए “कराह” रही है। “अवैध बालू खनन की काली कहानी” अब खपटिहा खंड संख्या 356/2 पर पहुंचकर “इतिहास रचती” नजर आ रही है। केन नदी की “कोख को छलनी” करते इस खंड में जिस “बेखौफ तरीके से लाल सोने की लूट” चल रही है, उसने “प्रशासन, खनन विभाग और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े” कर दिए हैं। हालात ऐसे हैं मानो “खदान संचालक और जिम्मेदार अधिकारियों” के बीच “हम तुम्हारे लिए-तुम हमारे लिए” का अघोषित समझौता हो चुका हो।

पैलानी तहसील क्षेत्र अंतर्गत खपटिहा गांव में स्थित इस खदान में हालात ऐसे हैं मानो “लूट सके तो लूट” का सरकारी लाइसेंस बांट दिया गया हो। यह खदान केन नदी के बीचों-बीच संचालित है। यहां “खनन नीति को ठेंगा” दिखाकर दिन ही नहीं, बल्कि “रात के अंधेरे में भी अवैध खनन धड़ल्ले” से किया जा रहा है। “नदी की प्राकृतिक जलधारा को मोड़कर, बीच नदी में भारी मशीनों से खुदाई कर बड़े-बड़े गड्ढे” बना दिए गए हैं। पर्यावरणीय संतुलन और नदी के अस्तित्व से मानो किसी को कोई सरोकार ही नहीं है।

आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक खदान का पट्टा लक्षिता इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर सुभाष सिंह के नाम पर है, लेकिन इसके गुर्गा के रूप में चर्चित शिव मोहन तिवारी नामक व्यक्ति का ऐसा खौफ है कि चारों ओर दहशत का माहौल बना हुआ है। खदान पर असल नियंत्रण तिवारी का ही है, जिसके गुर्गे असलहों के साथ रातभर खनन कराते हैं!

तिवारी की दबंगई इस कदर हावी है कि खदान क्षेत्र में “डम डम डमरू” की तरह उसकी “धमक गूंज” रही है। खनन रोकने की हिम्मत कोई नहीं जुटा पाता। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि थाना प्रभारी से लेकर तहसीलदार और एसडीएम तक, सभी इस अवैध खेल से वाकिफ होने के बावजूद खामोश नजर आ रहे हैं ! स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारी खदान क्षेत्र में पहुंचते तो हैं, लेकिन कार्रवाई की जगह झुक-झुक कर सलाम कर लौट आते हैं? यह खदान अब जिले की “ऐतिहासिक बदनामी” की ओर बढ़ती दिख रही है। तहसीलदार पैलानी राधेश्याम से सवाल किया गया,तो उन्होंने जांच कराने की बात कही। लेकिन जांच की बात फिलहाल “हंसी-ठिठोली” से ज्यादा कुछ नहीं लगती !
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
