कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर में रकम दोगुना करने का लालच देकर फुटवियर कारोबारी से तीन करोड़ की ठगी करने वाले बेंगलुरु निवासी एंबीडेंट कंपनी के मैनेजर सैयद खीजर हुसैन को कानपुर की बजरिया थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी और उसकी कंपनी के मालिकों ने यूपी, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश समेत अन्य राज्यों में निवेशकों से दो हजार करोड़ से अधिक की ठगी की है।

अलग-अलग राज्यों के पीड़ितों ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। शास्त्रीनगर के फुटवियर कारोबारी लकी सिंह ने 16 जनवरी को बेंगलुरु में कनाका नगर केएचबी मेन रोड स्थित एंबीडेंट मार्केटिंग कंपनी के मालिकों फरीद अहमद, उसके बेटे आफाक, मैनेजर सैयद खीजर हुसैन, सैयद अहमद व इलियास खान के खिलाफ काकादेव थाने में धोखाधड़ी व अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

तहरीर के मुताबिक तीन वर्ष पूर्व लकी सिंह व्यापार के सिलसिले में बेंगलुरु गए तो उनकी मुलाकात खीजर से हुई थी। उसने अपने ससुर फरीद अहमद, साले आफाक, सैयद समेत पांच लोगों से मुलाकात कराई। सभी ने प्रापर्टी व शेयर बाजार में निवेश करने पर जमा रकम पर 10 फीसदी ब्याज समेत दोगुना तक मुनाफे का लालच दिया।

झांसे में आकर लकी सिंह ने तीन बैंकों से तीन करोड़ लोन लेकर उन्हें दे दिए। इसके बाद जब वे ब्याज लेने गए तो उन्हें टरका दिया गया। डीआईजी से शिकायत के बाद उनकी रिपोर्ट दर्ज की गई थी। बजरिया थाना प्रभारी राममूर्ति यादव ने बताया कि न्यायालय से गैरजमानती वारंट लेकर गुरुवार को टीम बंगलूरू पहुंची और मैनेजर सैयद खीजर को गिरफ्तार कर लिया। ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को शहर लाया गया है। शनिवार को उसे जेल भेजा जाएगा।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )





![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
