
- विनोद मिश्रा
बांदा। बुंदेलखंड की दीपावली इस बार अधूरी सी लग रही है। घर लौटने की आस में बैठे हजारों परदेशियों की उम्मीदों पर इस बार रेलवे की बदइंतजामी और अतिरिक्त ट्रेनों की कमी ने ग्रहण लगा दिया है। दिल्ली, मुंबई, सूरत, अहमदाबाद जैसे बड़े शहरों में काम करने वाले बुंदेलखंडी मजदूर, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग इस बार अपने घर दीपावली पर नहीं पहुंच पा रहे हैं।

बांदा से गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों में चित्रकूट एक्सप्रेस, बुंदेलखंड एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस और हमसफर एक्सप्रेस में 20 अक्टूबर तक एक भी सीट खाली नहीं है। रेलवे की बुकिंग साइट पर स्लीपर और एसी क्लास की वेटिंग लिस्ट 250 से भी अधिक हो गई है। यात्रियों का कहना है कि दीपावली पर घर आने की टिकट बुक करना जंग जीतने जैसा कठिन काम बन गया है। मुंबई में काम कर रहे बांदा निवासी शिवकुमार और शिव सिंह बताते हैं कि उनके बच्चों नें चार बार टिकट बुक करने की कोशिश की,लेकिन हर बार वेटिंग टिकट ही मिला। शिवकुमार ने निराशा भरे लहजे में कहा “अब तो लगता है इस बार भी दीपावली बच्चों के साथ वीडियो कॉल पर ही मनानी पड़ेगी।”

स्थानीय नागरिकों और रेलवे यात्रियों में इस बात को लेकर नाराज़गी है कि हर साल दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की भारी भीड़ के बावजूद रेलवे समय से अतिरिक्त ट्रेनें नहीं चलाता। जबकि पिछले वर्षों की तरह इस साल भी बुंदेलखंड से लाखों लोग परदेस में हैं। त्योहारी सीजन में घर लौटने की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। यात्रियों का कहना है कि रेलवे को 10 से 20 अक्टूबर के बीच विशेष ट्रेनों की व्यवस्था करनी चाहिए थी ताकि परदेश में फंसे लोग सुरक्षित और समय पर अपने घर पहुंच सकें। चित्रकूटधाम मंडल क्षेत्र के कई परिवारों ने बताया कि उनके बेटे, भाई और पति मुंबई या सूरत में काम करते हैं और साल भर में सिर्फ दीपावली पर ही घर लौटते हैं। लेकिन इस बार टिकट न मिलने से सभी निराश और मायूस हैं।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
