
- शरद मिश्रा
बांदा। लुका-छिपी करती बरखा रानी आखिरकार बुंदेलखंड पर मेहरबान हो गई। लंबे इंतजार और सूखे की मार झेल रहे किसानों के लिए इस बार आसमान से वरदान बरसा है। रनगवां बांध किसानों को ‘आई लव यू’ बोल रहा है। करीब 13 साल बाद पानी का ऐसा संचय हुआ है कि रबी की फसल को तीन बार सिंचाई मिल सकेगी।

दरअसल, सिंचाई विभाग के आंकड़े गवाही दे रहे हैं कि इस साल रनगवां बांध ने रिकॉर्ड स्तर पर 58 फीसदी जल भंडारण अपने आगोश में समेट लिया है। यह किसी वरदान से कम नहीं क्योंकि पिछले चार साल से यह बांध सिर्फ 25 से 30 फीसदी क्षमता तक ही भर पा रहा था। नतीजा यह कि किसानों को एक सीजन में मुश्किल से एक ही बार सिंचाई मिल पाती थी और पैदावार पर इसका बुरा असर पड़ता था।

रनगवां बांध से केन नहर के जरिए बुंदेलखंड के खेतों तक पानी पहुंचता है। सरकारी समझौते के तहत इसमें से 70 फीसदी पानी उत्तर प्रदेश और 30 फीसदी पानी मध्यप्रदेश को मिलता है। रबी की फसल के लिए यह पानी नवंबर से छोड़ा जाएगा। इस बार पर्याप्त जल भंडारण होने से खेतों को तीन बार सींचा जा सकेगा। किसानों का कहना है कि कई बरसों से एक ही सिंचाई पर फसल को छोड़ना पड़ता था, जिससे गेहूं और चना जैसी फसलों की पैदावार आधी रह जाती थी। लेकिन इस बार उम्मीदें तिगुनी हो गई हैं।

सिंचाई विभाग के अनुसार बांध की कुल क्षमता 5800 एमसीएफटी (लाख घनफुट) है। इस बार क्षेत्र में करीब 630 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जिससे बांध की झील में जीवनदायी पानी उमड़ पड़ा। गांव-गांव में किसान कहते हैं कि “रनगवां बांध भरना हमारे लिए वरदान है। इस बार खेत सोना उगलेगा।” बुंदेलखंड की पहचान हमेशा सूखे और पानी की किल्लत से रही है। लेकिन इस बार रनगवां बांध ने नई उम्मीदें जगा दी हैं।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
