
- विनोद मिश्रा
बांदा। विद्याधाम समिति द्वारा अतर्रा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला ने बुंदेलखंड क्षेत्र के शिक्षा, न्याय और सामाजिक मुद्दों पर नई बहस छेड़ दी। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद ने किया। उन्होंने कहा कि विकास की रीढ़ शिक्षा है, लेकिन बुंदेलखंड में शिक्षा की स्थिति बेहद चिंताजनक हो चुकी है। उन्होंने बताया कि आज हमारे विद्यालय भोजनालय बनकर रह गए हैं, जबकि देश को “वन नेशन वन एजुकेशन” जैसी योजना की आवश्यकता है।

कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे परमार्थ समाजसेवी संस्थान के सचिव संजय सिंह ने सरकार और समाज की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन देश के लिए बड़ा मुद्दा है और इसके समाधान के लिए सामुदायिक सहभागिता आवश्यक है। साथ ही, उन्होंने विद्याधाम समिति के संस्थापक राजाभइया पर दर्ज फर्जी मुकदमों पर गहरी चिंता जताई।

जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष द्वारकेश सिंह मंडेला ने कहा कि समाज में प्रबुद्ध जन सामाजिक सरोकारों से कटते जा रहे हैं, जिसके चलते आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। न्याय पाने के लिए लंबी लड़ाई लड़नी पड़ती है। उन्होंने कहा कि न्याय, समानता और समान अवसरों के प्रयासों को बढ़ाना आज की जरूरत है। उत्तराखंड से आई समाजसेवी सुनीता साही ने कहा कि समाज में महिला और पुरुष एक गाड़ी के दो पहिए हैं, इसलिए महिलाओं का सशक्तिकरण और कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी अत्यंत जरूरी है।

उन्होंने विद्याधाम समिति द्वारा किए गए प्रयासों को सराहा और प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम को हाई कोर्ट के अधिवक्ता संतोष सिंह, मानवाधिकार कार्यकर्ता रविश आलम,अधिवक्ता शिवकुमार मिश्रा, समाजसेवी बृजभूषण सिंह यादव व विजय बहादुर ने भी संबोधित किया। उन्होंने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, न्याय और सामाजिक सहभागिता के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन विद्याधाम समिति के संस्थापक राजाभइया ने किया।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
