![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/09/WhatsApp-Image-2024-09-07-at-6.52.59-PM-263x300.jpeg)
- शरद मिश्रा
बांदा। भाद्र मास की अमावस्या पर चित्रकूट का पावन धाम इस समय भक्तिमय वातावरण में सराबोर है। बांदा से लेकर चित्रकूट तक की सड़कों पर “जय कामतानाथ” के जयकारे गूंज रहे हैं। श्रद्धालुओं की टोलियां भजन-कीर्तन करते, पैदल यात्रा करते और वाहनों से सफर करते हुए कामदगिरि परिक्रमा की ओर बढ़ रही हैं।

इस बार अमावस्या का पर्व 22 और 23 अगस्त, दोनों दिनों में पड़ रहा है। इसका सीधा असर श्रद्धालुओं की भीड़ पर दिख रहा है। हजारों-हजार भक्त गांव-गांव से निकलकर परिक्रमा में शामिल होने चित्रकूट की ओर जा रहे हैं। महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों की टोलियां सड़क किनारे पेड़ों की छांव में विश्राम करतीं, वहीं भोजन बनातीं और थोड़ी देर आराम कर फिर आगे बढ़ती नजर आ रही हैं। सामाजिक, राजनीतिक और व्यापारी संगठनों ने जगह-जगह नाश्ते व जलपान की व्यवस्था कर इस आस्था यात्रा को और भी सहज बना दिया है। राहगीरों के लिए ठंडे पानी से लेकर भोजन तक की सेवा हो रही है।

श्रद्धालुओं का विश्वास है कि भाद्र अमावस्या पर कामतानाथ महाराज की परिक्रमा और दर्शन से जीवन के समस्त दुख-कष्ट दूर हो जाते हैं और परिवार में सुख-समृद्धि आती है। इसी आस्था ने पूरा माहौल भक्ति रस से भर दिया है। डमरू, मंजीरे और भक्ति गीतों के स्वर सड़कों पर गूंजते रहे। कामतानाथ धाम की ओर जाने वाले मार्ग पर जनसैलाब उमड़ा हुआ है। ट्रैक्टरों और छोटे वाहनों पर श्रद्धालु अपना सामान लेकर चल रहे हैं, जबकि पैदल यात्रियों का जोश देखते ही बनता है। बांदा -चित्रकूट मार्ग पर हर कदम पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम दिखाई दे रहा है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
