![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/09/WhatsApp-Image-2024-09-07-at-6.52.59-PM-263x300.jpeg)
- शरद मिश्रा
बांदा। चित्रकूट मंडल की धरती पर जल प्रलय की दस्तक सी हो चुकी है। केन और यमुना दोनों नदियां अब खतरे की हदें पार करने को बेताब हैं। बेशक रफ्तार धीमी है, पर तबाही की “मोहब्बत” गहराती जा रही है। शुक्रवार दोपहर तक ये नदियां खतरे के निशान को चूमने को तैयार थीं। ज़िले के प्रशासन से लेकर ग्रामीण तक संक्रमण काल में घिरे हुए हैं।

केन नदी में गंगऊ बांध से छोड़े जा रहे पानी के कारण 10 सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी का उफान पैलानी तहसील के छनिहा डेरा, सेमरा डेरा, शिवपाल डेरा और शिवरामपुर जैसे गांवों का जीवन थमा रहा है। सड़कों पर सन्नाटा, नाव ही अब एकमात्र रास्ता बन चुकी है। यमुना भी पीछे नहीं चिल्ला घाट पर दोपहर चार बजे जलस्तर “गजब ढा रहा” था। जल की रेखाएं अब तारा और खजुरी गांव की ओर बढ़ने लगी हैं।

यदि यमुना ने 100 मीटर की चेतावनी रेखा पार कर ली, तो पैलानी और बबेरू की करीब 20 बस्तियां सीधी चपेट में आ जाएंगी। पानी के बढ़ते स्तर ने अब तक 15 से ज्यादा गांवों को ज़मीन से काट दिया है। ग्रामीण अब नावों के सहारे राशन, इलाज और जरूरतों की पूर्ति कर रहे हैं। खप्टिहा कलां कस्बे में दो बड़ी नावें तैनात हैं, जिनके सहारे नाविक शंकर निषाद और भूरा निषाद दिन में कई चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने चेताया “अगर पानी ऐसे ही बढ़ा तो खेत-खलिहान सब डूब जाएंगे।”

बाढ़ का सबसे क्रूर चेहरा खेतों के सामने आ खड़ा हुआ है। केन नदी का पानी अब तेजी से खेतों की ओर बढ़ रहा है। यदि खरीफ की फसलें डूब गईं, तो हजारों किसानों के परिवारों की सालभर की मेहनत बर्बाद हो जाएगी। प्रशासन ने तटवर्ती गांवों में चेतावनी जारी कर दी है, नावें, टीमें, स्टाफ तैनात किए जा रहे हैं, लेकिन ग्रामीणों को अब भी सरकारी राहत की तत्काल ज़रूरत है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
