
- विनोद मिश्रा
बांदा। फर्जी मुकदमों के खिलाफ ग्रामीण महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो 22 फरवरी से सत्याग्रह शुरू कर मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाएंगी। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने भी इस आंदोलन को समर्थन दिया है।

गुरुवार को ग्रामीण महिलाओं के एक समूह ने पुलिस अधीक्षक को संबोधित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ महिलाओं द्वारा दर्ज कराए गए तीन मुकदमे पूरी तरह से फर्जी हैं और इनकी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मामले समाजसेवी राजाभइया और अन्य लोगों को झूठे फंसाने के उद्देश्य से दर्ज कराए गए हैं।

ज्ञापन में बताया गया कि अपराध संख्या 314 व 315 केवल एक घंटे दो मिनट के अंतराल में दर्ज कराए गए। 16 दिसंबर 2024 को एक कथित पीड़िता ने वीडियो जारी कर अपहरण की बात कही, जबकि 17 दिसंबर को उसके पति ने बयान दिया कि रेलवे ट्रैक मैन ने महिला को रेलवे ट्रैक पर पाया था। इस मामले में सबसे बड़ा विरोधाभास यह है कि 16 जनवरी 2025 को उच्च न्यायालय में हलफनामे में अपहरण की तिथि 13 दिसंबर 24 बताई गई, जबकि 2 फरवरी 2025 को दर्ज एफआईआर में यह तारीख 14 दिसंबर 2024 दर्शाई गई।

महिलाओं का कहना है कि पुलिस से कई बार शिकायत करने के बावजूद निष्पक्ष जांच नहीं हुई। पुलिस प्रशासन केवल आश्वासन दे रहा है कि न्याय होगा, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि अगर जल्द ही जांच नहीं हुई तो 22 फरवरी से गाँव-गाँव में सत्याग्रह शुरू किया जाएगा। महिलाओं का कहना है कि वे मुख्यमंत्री तक अपनी आवाज पहुंचाने को मजबूर होंगी। इस विरोध प्रदर्शन को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) का भी समर्थन मिला। प्रदर्शन में भाकपा के जिला सचिव रामचंद्र सरस, मदन भाई, श्याम सुंदर एडवोकेट समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
