![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/09/WhatsApp-Image-2024-09-07-at-6.52.59-PM-263x300.jpeg)
- शरद मिश्रा
बांदा। जिले में मिलावटखोरी का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में खुलासा हुआ है कि खोया, पनीर, मीठी सुपारी और नमकीन में कपड़ों में इस्तेमाल होने वाले रंग और खतरनाक केमिकल मिलाए जा रहे हैं। पिछले 10 महीनों में शहर के 141 स्थानों से लिए गए 98 खाद्य नमूनों की जांच में 60 फेल हो गए। इनमें से सात नमूने ऐसे थे जिनमें गंभीर मिलावट पाई गई, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने चालू वित्तीय वर्ष में 210 स्थानों पर छापा मारा और 141 संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। आगरा स्थित प्रयोगशाला से आई 98 रिपोर्टों में सात नमूने गंभीर रूप से मिलावटी पाए गए, जिनमें सड़ी सुपारी, खतरनाक केमिकल युक्त रंग, मीठा करने के लिए सकरीन और नकली दूध से बने पनीर और खोया शामिल हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, मिलावटी खाद्य पदार्थ खासतौर पर बच्चों के लिए घातक साबित हो सकते हैं। बच्चों द्वारा खाई जाने वाली मीठी सुपारी में रंग और केमिकल मिलने से लिवर की बीमारियों और कैंसर जैसी घातक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि तीन बार खाद्य नमूना फेल होने पर संबंधित व्यापारी का लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। गंभीर मिलावट वाले मामलों को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में प्रस्तुत किया गया है, जबकि अन्य मामलों में एडीएम कोर्ट में केस दायर किया गया है। इस वित्तीय वर्ष में अब तक 12 कारोबारियों पर 50 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया जा चुका है। जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आर.के. गुप्ता ने बताया कि सड़ी सुपारी, नकली पनीर और मिलावटी खोया खाने से पेट की गंभीर बीमारियां, पीलिया और कैंसर जैसी जानलेवा समस्याएं हो सकती हैं। सवाल उठता है कि जब मिलावटखोरी के इतने मामले सामने आ रहे हैं, तो प्रशासन इसे रोकने के लिए सख्त कदम कब उठाएगा ?
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
