नई दिल्ली : कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान तेजी से जारी है। देश में अब तक एक करोड़ आठ लाख से ज्यादा कोविड वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Health Ministry) ने शनिवार को बताया कि देश में अब तक कोविड वैक्सीन की कुल 1,08,38,323 डोज दी गई हैं। स्वास्थ्यकर्मियों को 72,26,653 डोज दी गई हैं। इसमें पहली डोज 63,52,713 लाभार्थियों को जबकि दूसरी डोज 8,73,940 लाभार्थियों को दी गई है। अब तक जितने लोगों को कोविड वैक्सीन दी गई है उसमें 70.52 लाख स्वास्थ्यकर्मी और लगभग 33.97 लाख फ्रंटलाइन वर्कर्स शामिल हैं।

– गुलेरिया ने निजी-सार्वजनिक भागीदारी की जरूरत बताई
समाचार एजेंसी पीटीआइ के मुताबिक दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स के निदेशक रणदीप गुलेरिया ने शनिवार को कहा कि कोरोना महामारी के खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने एवं संक्रमण से मृत्युदर कम करने के लिए वैक्सीन ही एकमात्र उपलब्ध हथियार है। टीकाकरण की दिशा में अभी भी बहुत कुछ करना बाकी है। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि कोरोना महामारी के खिलाफ व्यापक टीकाकरण अभियान के लिए ज्यादा से ज्यादा निजी-सार्वजनिक साझेदारी की जरूरत है।

– हर्षवर्धन की टीका लगवाने की अपील
इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स से तय कार्यक्रम के मुताबिक टीका लगवाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है और प्रतिरक्षा पैदा करने के सभी मानकों को पूरा करती है। वैक्सीन को लेकर किसी भी अफवाह पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि टीका लगवाने के गंभीर या अत्यधिक गंभीर प्रभाव का कोई मामला नहीं सामने आया है और न ही किसी की टीके की वजह से मौत हुई है।

– केरल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पंजाब में बढ़े केस
इस बीच देश के कई राज्यों में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ने लगा है। केरल, महाराष्ट्र, पंजाब, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते आंकड़े हैरान करने वाले हैं। पिछले 22 दिनों के बाद शनिवार को पहली बार कोरोना संक्रमण के करीब 14 हजार नए मामले सामने आए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बीते 24 घंटे में 100 से ज्यादा लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है। बीते 24 घंटे में महाराष्ट्र में छह हजार से ज्यादा जबकि केरल में करीब पांच हजार नए मामले मिले हैं। मध्य प्रदेश में 13 फरवरी से कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
