
- विनोद मिश्रा
बांदा। आयुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी की अध्यक्षता में मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें 50 लाख रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन किया गया। बैठक में कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। आयुक्त ने परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया और धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की।

बैठक के दौरान आयुक्त ने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं का कार्य लगभग पूर्ण है, उन्हें शीघ्र पूर्ण कर संबंधित विभागों को सौंपा जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्तायुक्त सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने और मैनपावर बढ़ाकर कार्यों को गति देने की सख्त हिदायत दी गई। आवास विकास परिषद द्वारा निर्माणाधीन पडरी के स्वास्थ्य उपकेंद्र का विद्युत कनेक्शन शीघ्र पूरा करने और बरईमानपुर के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

वहीं मानिकपुर के ग्राम ददरीमाफी के संपर्क मार्ग को फरवरी 2025 तक पूर्ण करने और मानिकपुर-मारकुंडी-हुडैला मार्ग को इसी माह के अंत तक गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के आदेश दिए गए। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि थाना सुमेरपुर हास्टल और बैरक का कार्य जनवरी 2025 तक पूर्ण हो जाएगा। साथ ही, आईटीआई राठ, हमीरपुर के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए यूपीएसआईडीसी को निर्देश दिए गए हैं।

आयुक्त ने महोबा की नवीन जिला कारागार परियोजना को वित्तीय वर्ष 2024-25 की समाप्ति तक पूरा करने का आदेश दिया। बैठक में राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय हरदौली, बस स्टेशन कार्यशाला राठ और पैलानी तहसील भवनों के निर्माण कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने की आवश्यकता जताई गई। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त अरविंद कुमार और लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। आयुक्त ने सभी अधिकारियों से समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
