- ब्यूरो रिपोर्ट
बाहुबली माफिया अतीक अहमद के आर्थिक साम्राज्य पर सबसे कार्रवाई की गई। पूर्व सांसद अतीक अहमद की सवा अरब रुपए से ज्यादा की कीमत वाली दो संपत्तियों को कुर्क किया गया। कुर्की की यह कार्रवाई प्रयागराज के झूसी मोहल्ले के हवेलिया इलाके में की गई। कुर्क की गई संपत्तियां तकरीबन 13 बीघे में मौजूद थी। माफिया अतीक ने इन संपत्तियों को खरीदने के बाद इस पर बबूल के बाग तैयार कराए थे। इसके साथ ही कुछ जमीन खाली भी पड़ी हुई थी।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक जो संपत्तियां कुर्क की गई हैं, उनकी अनुमानित कीमत एक अरब 28 करोड़ रुपए है. प्रयागराज पुलिस का दावा है कि यह अतीक के खिलाफ अब तक की यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। इतना ही नहीं उत्तर प्रदेश में किसी भी माफिया के खिलाफ एक दिन में की गई यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।
पुलिस के मुताबिक माफिया अतीक अहमद ने 13 बीघे की यह जमीन अपने पिता हाजी फिरोज अहमद, चाचा उस्मान और अफरोज के नाम खरीदी थी। गंगा नदी के ठीक किनारे होने की वजह से इसकी कीमत काफी ज्यादा है। अतीक अहमद ने अपनी इस जमीन पर बबूल के पेड़ के बाग तैयार करा दिए थे. जमीन और बाग की देख- रेख दूसरे लोग करते थे। इसकी वजह से पड़ोस के लोगों को भी इस बात की जानकारी नहीं थी कि यह अतीक अहमद की बेनामी संपत्ति है।

– गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई बड़ी कार्रवाई
प्रयागराज पुलिस ने अतीक की संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के तहत की है. पुलिस अफसरों का दावा है कि अतीक अहमद ने इस संपत्ति को अपराध से की गई कमाई से अर्जित किया है. संपत्ति के बारे में आसानी से लोगों को जानकारी ना हो, इस वजह से अतीक ने इसे खुद अपने नाम रखने के बजाय पिता और दूसरे रिश्तेदारों के नाम की हुई थी। प्रयागराज पुलिस ने इस जमीन के बारे में जानकारी हासिल करने के बाद राजस्व विभाग से इसकी पड़ताल कराई. राजस्व विभाग की मुहर लगने के बाद पुलिस ने कुर्की के लिए डीएम संजय कुमार खत्री से अनुमति मांगी। डीएम ने पुलिस को दो दिन पहले ही यानी 21 नवंबर अनुमति दी थी।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://newsreach-publishers.s3.ap-south-1.amazonaws.com/citynewsuttarpradesh.in/2018/06/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
