- ( ब्यूरो रिपोर्ट )
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार भूजल सप्ताह मना रही है। इस सप्ताह के समापन पर शुक्रवार को लखनऊ के लोकभवन में बड़ा कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें सीएम योगी के अलावा जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्य मंत्री रामकेश निषाद, प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्तव भी मौजूद थे।

– अपने मंत्रालय के कार्यक्रम में नहीं आए दिनेश खटीक
मगर, इस्तीफा देकर चर्चा में आए दिनेश खटीक इसमें नहीं आए थे। हालांकि कार्यक्रम के लिए जो पोस्टर-बैनर लगाया था, उसमें दिनेश खटीक का नाम लिखा था। इसको लेकर एक बार फिर सियासी गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि बताया गया कि दिनेश खटीक मेरठ में हैं। कार्यक्रम में नहीं आने के पीछे नाराजगी नहीं है। गुरुवार को सीएम से मुलाकात के बाद उन्होंने सब-कुछ ठीक होने की बात की थी। उनका इस्तीफा भी अस्वीकार हो चुका है।

– मुख्यमंत्री योगी बोले: पानी की बूंद-बूंद की कीमत को समझनी होगी
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीएम योगी आदित्यनाथ थे। उन्होंने कहा कि पिछले 5 सालों में भूगर्भ जल के संरक्षण की दिशा में बेहतर काम किया गया है। इसको बढ़ाने की जरूरत है। पानी की बूंद-बूंद की कीमत को हमें समझना होगा। सीएम ने कहा कि बारिश की हर बूंद को संरक्षित करने के अभियान से सभी को जुड़ना होगा। उन्होंने नमामि गंगे और ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की योजनाओं की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज समापन समारोह में मुझे इस क्षेत्र में कार्य करने वाले विशिष्ट महानुभावों को सम्मानित करने का अवसर प्राप्त हुआ है। मैं इस अवसर उन्हें बधाई देता हूं व प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष भागीदारी के माध्यम से इस कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी महानुभावों का अभिनंदन करता हूं। 16 से 22 जुलाई तक आयोजित हो रहे इस भूजल सप्ताह के दौरान 17 जुलाई को लखनऊ से 10 जनपदों के 26 विकास खंडों के 550 ग्राम पंचायतों में जाने वाले भूजल रथ का शुभारम्भ करने का भी अवसर मुझे प्राप्त हुआ था। जल संरक्षण व जल के उचित प्रबंधन के बारे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन को प्रतिवर्ष हमारी सरकार भूजल सप्ताह के रूप में आयोजित करती है।

कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भूगर्भ जल और वर्षा जल संचयन के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की परिस्थिति के अनुसार हर गांव का वाटर सेक्योरिटी प्लान बनाया जा रहा है। भूजल सप्ताह के समापन कार्यक्रम में जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद मौजूद थे पर इस्तीफा देकर खलबली मचाने वाले जलशक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक मौजूद नहीं थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कल से बातचीत के बाद वह रात को ही दिल्ली चले गए थे।

भारत सरकार की नेशनल हाइड्रोलॉजी प्रोजेक्ट में भूगर्भ जल विभाग यूपी को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ कार्य के लिए मिले सम्मान चिह्न को सीएम को भेंट किया गया। सीएम ने कहा कि हमारे पास ग्राउंड वॉटर भी है। सरफेस वॉटर भी है। मगर, उनके संरक्षण के लिए जो कार्य करने चाहिए थे, नहीं हुए। लिहाजा डार्क जोन की संख्या बढ़ती गई।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
